
Rajkumar Dhiman, Dehradun: रेस्टोरेंट के खाने के बिल पर शुरू हुआ मामूली विवाद देहरादून में एक हिंसक वारदात में बदल गया। प्रेमनगर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक और उसके साथियों ने युवक के साथ मारपीट की, यहां तक कि झगड़े के दौरान संचालक ने युवक की उंगली दांत से चबा डाली, जिसे बाद में चिकित्सकों को काटकर हटाना पड़ा। हैरानी की बात यह कि पीड़ित ने छह फरवरी को शिकायत दर्ज करा दी थी, लेकिन पुलिस ने 22 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया, जिससे स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं।
पीड़ित युवक यशार्थ सिंह, निवासी बिधोली, ने पुलिस को बताया कि वह संबंधित रेस्टोरेंट में अक्सर भोजन करता था, जिसके चलते उस पर 06 हजार रुपये का उधार हो गया था। आरोप है कि बिल को लेकर रेस्टोरेंट मालिक अन्यम ने यशार्थ के पिता को फोन कर अभद्रता की। पिता ने जब यह बात बेटे को बताई तो वह उसी रात रेस्टोरेंट पहुंचकर मालिक से बात करने लगा।
यशार्थ के अनुसार, उस समय रेस्टोरेंट मालिक अन्यम के साथ यशस्वी, आशीष और अन्य लोग मौजूद थे। फोन पर अभद्रता को लेकर बातचीत बढ़ी तो विवाद हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान अन्यम ने उसके हाथ की उंगली दांत से काट ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने क्षतिग्रस्त उंगली को काटना पड़ा।
पीड़ित ने यह गंभीर तहरीर 06 फरवरी को प्रेमनगर थाने में दे दी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब 22 दिन बाद पुलिस ने आरोपी अन्यम, यशस्वी और आशीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। घटना से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि इतनी गंभीर चोट और हिंसा के बाद भी पुलिस कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हुई



