crimeDehradun

दून में देर रात भारी हंगामा, डंपर ने 17 वर्षीय युवक को कुचला, लोगों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

मालदेवता क्षेत्र की घटना, घर के पास टहल रहा था शिवांशु और तभी तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया

Rajkumar Dhiman, Dehradun: रायपुर के मालदेवता क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। शेरकी गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने 17 वर्षीय छात्र शिवांशु को रौंद दिया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने हंगामा काटते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे घंटों अफरा-तफरी मची रही। इस दौरान लोगों ने पुलिस-प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 8:45 बजे शिवांशु घर के पास पैदल जा रहा था कि अचानक तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मारी और कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिससे स्वजनों का रोष और बढ़ गया।

हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और हंगामा काटते हुए नारेबाजी करने लगे। लोगों का आरोप है कि अवैध खनन से जुड़े डंपर इलाके में बेलगाम रफ्तार से दौड़ते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मालदेवता और आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक भारी वाहनों की आवाजाही आम बात है और कई बार शिकायतों के बावजूद सुरक्षा के नाम पर केवल खानापूर्ति ही की जाती है। इससे पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, पर स्थितियों में कोई सुधार नहीं आया।

सूचना पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। अधिकारियों ने कार्रवाई के आश्वासन के बाद देर रात जाम खुलवाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से डंपर चालक को हिरासत में लेकर वाहन सीज कर दिया। सीओ रायपुर रीना राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

लगातार उठ रहे सवाल, कब मिलेंगे ठोस जवाब
यह हादसा एक बार फिर प्रशासन पर सवाल खड़ा करता है कि रिहायशी और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक क्यों नहीं लगाई जाती? स्थानीय लोग अब ठोस और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button