रुद्रप्रयाग में बंद कमरे में मिले मां-बेटे के सड़े शव, पति फरार, हत्या की आशंका
तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में विद्युत कॉलोनी के पास बस्ती क्षेत्र की घटना, हफ्तेभर से बंद था कमरा
Srimohan Naithani, Rudraprayag: रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां किराये के एक कमरे में नेपाली मूल की महिला और उसके 09 वर्षीय बेटे के सड़े-गले शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है, जबकि महिला का पति घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में विद्युत कॉलोनी के पास बस्ती से कुछ दूरी पर नेपाली मूल का दीपक बहादुर अपनी पत्नी 34 वर्षीय कमला शाही और नौ वर्षीय बेटे रोशन सिंह के साथ पिछले करीब पांच वर्षों से किराये के कमरे में रह रहा था।
बताया गया कि बीते एक सप्ताह से अधिक समय से कमरे का दरवाजा बंद था। जब मकान मालिक उस ओर पहुंचे तो कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे के बाहर से ताला लगा हुआ था।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो अंदर महिला और उसके बेटे के शव पड़े मिले, जो बुरी तरह सड़ चुके थे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। प्रारंभिक जांच में मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर फरार बताया जा रहा है, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया है।
कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि मामले में कोतवाली रुद्रप्रयाग में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



