crimeUttarakhand

पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की हत्या कर फरार हुआ नेपाली युवक दिल्ली से गिरफ्तार, फेसबुक से शुरू हुआ था संबंध

पहले से विवाहित है आरोपी, फेसबुक से जुड़ा रिश्ता दूसरी शादी और फिर तकरार में हत्या तक पहुंचा

Srimohan Naithani, Rudraprayag: जनपद रुद्रप्रयाग के जखोली क्षेत्र के सुमाड़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। किराये के कमरे में रह रहे एक नेपाली युवक अपनी कथित पत्नी और उसके 9 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 को शाम करीब 7:33 बजे जखोली चौकी प्रभारी को योगेंद्र सिंह निवासी सुमाड़ी (पोस्ट तिलवाड़ा, थाना व जिला रुद्रप्रयाग) ने फोन पर सूचना दी कि उनकी हाइडिल कॉलोनी के पास स्थित मकान में पिछले करीब एक माह से दीपक बहादुर नाम का नेपाली युवक अपनी पत्नी और लगभग 9 वर्षीय बेटे के साथ किराये पर रह रहा था। शाम के समय स्थानीय लोगों ने मकान के आसपास तेज दुर्गंध आने की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर मकान मालिक अपने परिचितों के साथ कमरे पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। कमरे के भीतर से सड़ने की तेज बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखा तो दीपक बहादुर की पत्नी और उसका बेटा जमीन पर कंबल के नीचे मृत अवस्था में पड़े थे, जबकि आरोपी दीपक बहादुर मौके से फरार था।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जखोली और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मोबाइल फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया गया।

इस घटना के संबंध में 7 मार्च 2026 को कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 12/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दीपक बहादुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत और उपनिरीक्षक जयवीर सिंह रावत के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी निगरानी और लगातार पतारसी-सुरागरसी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने 8 मार्च 2026 की शाम आरोपी दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर पुत्र स्व. बल बहादुर निवासी वेस्टडा वार्ड नंबर 4, गांव पालिका भगवती माईगांव मन्घार, थाना वेस्टडा, जिला दैलेख (अंचल करनाली), नेपाल, हाल किरायेदार ग्राम सुमाड़ी जनपद रुद्रप्रयाग को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया यह कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी व तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। वहीं मृतका कमला शाही भी पहले से विवाहित थी और उसके दो बच्चे हैं, जिनमें से एक 9 वर्षीय रोशन सिंह भी शामिल था, जिसकी हत्या कर दी।

आरोपी और कमला शाही की मुलाकात वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे और पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पहले वे उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में रहते थे और पिछले लगभग एक माह से रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी कस्बे में किराये के कमरे में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतका के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद और झगड़े होते रहते थे। 4 मार्च 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच आरोपी कमरे पर पहुंचा और किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा और हाथापाई हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने पहले कमला शाही का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने 9 वर्षीय रोशन सिंह का भी गला दबाकर मार डाला। हत्या के बाद दोनों शवों को कमरे में कंबल से ढककर आरोपी मौके से फरार हो गया।

हत्याकांड से पर्दा उठाने वाली पुलिस टीम
घटना के अनावरण और गिरफ्तारी में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर के पर्यवेक्षण में निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी (एसएचओ रुद्रप्रयाग), निरीक्षक मनोज नेगी (एसएचओ ऊखीमठ), उपनिरीक्षक कुलदीप पंत, उपनिरीक्षक रणजीत खनेड़ा (एसओजी), उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी, अपर उपनिरीक्षक जावेद अली, मुख्य आरक्षी नवनीत (साइबर सेल), आरक्षी महेश, आरक्षी विनय पंवार (एसओजी), आरक्षी दीपक नौटियाल (साइबर सेल), आरक्षी देवेंद्र सिंह (एसओजी) और आरक्षी रविंद्र सिंह (एसओजी) शामिल रहे।

गिरफ्तारी टीम
निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत (एसएचओ सोनप्रयाग), उपनिरीक्षक महेश सिंह रावत, आरक्षी राकेश, आरक्षी सतवीर शर्मा और चालक संतोष सिंह ने दिल्ली जाकर आरोपी को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button