लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही दून की युवती की संदिग्ध हालात में मौत
गुरुग्राम में युवती ने कथित रूप से चौथी मंजिल से लगाई छलांग, लिव-इन रिश्तों की भूमिका पर खड़े हुए सवाल

Round The Watch News: हरियाणा के गुरुग्राम में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही देहरादून की 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी के साथ विवाद के बाद युवती ने मंगलवार शाम कथित रूप से चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि प्यार का ये रूप क्या च्यूइंगम रिलेशन की तरह है। जहां मिठास खत्म तो रिश्ता खत्म और कभी-कभी जीवन भी।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान देहरादून निवासी मनमीत कौर के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ महीनों से गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 क्षेत्र के डब्ल्यू ब्लॉक में अपने प्रेमी के साथ किराये के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। जानकारी के अनुसार मनमीत दिसंबर 2025 से यहां रह रही थी और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी।
पहले भी हो चुके थे विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनमीत और उसके प्रेमी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। इसी दौरान कथित तौर पर मनमीत ने इमारत की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
गंभीर रूप से घायल हालत में उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों ने युवती के प्रेमी पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि परिजनों की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव की गंभीरता को उजागर करती है।



