
Rajkumar Dhiman, Dehradun: हरिद्वार में अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सख्त कदम उठाते हुए झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर चौकी के चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान सहित पूरे स्टाफ (हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, हरेंद्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, देवेश सिंह और प्रदीप) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो में कथित तौर पर अवैध खनन से जुड़े लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क कराने की बातचीत सामने आई थी। ऑडियो के सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और प्राथमिक जांच के बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस कर्मियों की संलिप्तता के संकेत मिलने पर पूरी चौकी के स्टाफ को निलंबित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की गहन जांच के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई तय है।



