राबिया ने बच्ची का अपहरण किया, श्रीलंका में बेचने की थी तैयारी
पुलिस ने आरोपी महिला को बेंगलुरु से किया गिरफ्तार, बच्ची से भीख भी मंगवाई गई

Rajkumar Dhiman, Uttrakhand: हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र से 10 अप्रैल को लापता हुई बच्ची के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाली महिला को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पीड़ित बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में राबिया नामक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जो लखनऊ के मुस्लिम नगर बक्शी, थाना जानकीपुरम की निवासी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला कुछ दिन पहले ही कलियर क्षेत्र में आकर रहने लगी थी और इसी दौरान उसने वारदात को अंजाम दिया।
कपड़े दिलाने के बहाने ले गई, फिर शुरू हुआ सफर
जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला बच्ची को कपड़े दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गई। इसके बाद वह उसे पहले दिल्ली लेकर पहुंची और फिर अलग-अलग स्थानों पर घुमाती रही। पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि बच्ची से भीख मंगवाई जा रही थी।
श्रीलंका ले जाने की तैयारी में थी आरोपी
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी महिला बच्ची को देश से बाहर, श्रीलंका ले जाने की फिराक में थी। संभवतः बच्ची को बेचा जा सकता था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर ट्रैक कर बेंगलुरु से उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई एंगल पर जांच जारी
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी बच्ची को बेचने की साजिश में थी या फिर उसका किसी अन्य गलत गतिविधि में इस्तेमाल करने की योजना थी।
संगठित गिरोह की आशंका
पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ी है, जो बच्चों की तस्करी या उनसे जबरन भीख मंगवाने जैसे अपराधों में शामिल है।
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।



