crimeUttarakhand

उत्तराखंड में हाईवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग, राहगीर महिला को लगी दो गोलियां, पांच आरोपी नामजद

ट्रक चालक पर बरसाई गोलियां, घात लगाकर बैठे थे बदमाश

Round The Watch News: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में हाईवे पर एक ट्रक चालक को निशाना बनाकर की गई अंधाधुंध फायरिंग के दौरान एक बाइक सवार महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। ट्रक चालक किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकला, जबकि हमलावर कई किलोमीटर तक कारों से उसका पीछा करते हुए गोलियां चलाते रहे। पुलिस ने मामले में पुरानी रंजिश की बात सामने आने के बाद पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मुंबई के लिए रवाना हुआ था चालक
ग्राम पटेरी (वर्तमान निवासी ग्राम दोपहरिया) निवासी जगजीत सिंह पेशे से चालक हैं। उन्होंने बताया कि 30 जून की रात करीब 9:20 बजे वह अशोक लीलैंड की एक चेसिस लेकर खालापुर, पनवेल (मुंबई) के लिए रवाना हुए थे।

हाईवे पर पहले से घात लगाए बैठे थे हमलावर
जगजीत सिंह के अनुसार, गांव से निकलते ही हाईवे पर सड़क किनारे एक मारुति ब्रेजा (UK-04W-9901) और एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार खड़ी मिली। दोनों वाहनों से पांच लोग बाहर आए और उनकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचों से उन पर लगातार फायरिंग शुरू कर दी।

कई किलोमीटर तक पीछा कर बरसाईं गोलियां
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से निकलने में सफल रहा। हालांकि, हमलावर कारों से उसका पीछा करते रहे।

बताया गया कि सिरौलीकला चौराहे, खालसा ढाबा और गौला पुल के पास भी चलती चेसिस पर कई राउंड फायरिंग की गई। इस दौरान गोलियां वाहन की बॉडी और पिछली लाइट पर भी लगीं, जिससे नुकसान हुआ।

राहगीर महिला को लगी दो गोलियां
फायरिंग के दौरान सड़क से गुजर रही एक मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गई। बाइक पर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बल्लिया मुड़िया निवासी साहिस्ता बी अपने पति इशरार और बच्चों के साथ सवार थीं।

ट्रक चालक पर चलाई गई गोलियों में से दो गोलियां साहिस्ता बी के जांघ और कंधे में जा लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला
जगजीत सिंह का कहना है कि हमलावरों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उन पर जानलेवा हमला हो चुका है, जिसकी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाने में दर्ज है।

पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद घायल महिला और ट्रक चालक पुलभट्टा थाने पहुंचे, जहां चालक की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। नामजद आरोपी जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी, हरमन, विक्रमजीत, निरंजन सिंह उर्फ निरु (निवासी डिबडिबा, बिलासपुर) और सर्वजीत बजवा उर्फ साबा (निवासी मुल्लाखेड़ा, भोट) हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलभट्टा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button