crime

हरिद्वार: कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का कारोबार, ट्रामाडोल-कोडीन का बड़ा नेटवर्क बेनकाब

हरिद्वार के कलियर में 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।

STF के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अहतशाम उल हक, निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी (हरिद्वार), एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर का संचालक है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का संबंध पूर्व में STF द्वारा बरामद किए गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह के नेतृत्व में ANTF लगातार राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है।

इसी क्रम में STF-ANTF टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध स्थानों और गोदामों में छापेमारी की। एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर दबिश के दौरान आरोपी के पास से वाणिज्यिक मात्रा में कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की गई, जहां से अतिरिक्त प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन प्रतिबंधित दवाओं को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। STF अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी NDPS Act के तहत दर्ज मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस अथवा STF-ANTF को दें। उन्होंने कहा कि राज्य में ड्रग्स माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button