crime

पत्नी को भेजी लोकेशन और कहा- ‘प्रेमिका को मार दिया, मैंने भी जहर खा लिया’; होमस्टे पहुंची पुलिस तो कमरे का मंजर देख रह गई स्तब्ध

मियांवाला के होमस्टे में 40 वर्षीय महिला मृत मिली, बीएसएफ जवान बेसुध; दो दिन से एक साथ ठहरे थे दोनों

Amit Bhatt, Dehradun: पत्नी के मोबाइल पर पति की लोकेशन पहुंचती है। इसके बाद फोन पर पति ऐसी बात कहता है, जिससे पत्नी के होश उड़ जाते हैं। वह बताता है कि उसका एक अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, उसने महिला को मार दिया है और खुद भी जहर खा लिया है। घबराई पत्नी पुलिस के पास पहुंचती है। लोकेशन के आधार पर पुलिस मियांवाला के एक होमस्टे में पहुंचती है तो कमरे के भीतर एक महिला मृत मिलती है, जबकि बीएसएफ जवान बेसुध अवस्था में पड़ा होता है।

देहरादून में बुधवार को सामने आई इस सनसनीखेज घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका की पहचान 40 वर्षीय आरती निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा के रूप में हुई है। वहीं, बेसुध मिले 38 वर्षीय परमेंद्र नेगी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, वह बीएसएफ में तैनात है और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था।

पत्नी सीधे पहुंची थाने, पुलिस ने ट्रेस की लोकेशन

पुलिस के अनुसार, बुधवार को एक महिला क्लेमेनटाउन थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसके पति परमेंद्र नेगी ने उसे अपनी लोकेशन भेजी है। फोन पर परमेंद्र ने कथित रूप से बताया कि उसका पिछले कुछ समय से एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और उसने महिला को मार दिया है। साथ ही उसने खुद भी जहर खाने की बात कही।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भेजी गई लोकेशन की जांच की। लोकेशन माल आफ देहरादून से आगे मियांवाला चौक के पास स्थित एक होमस्टे की निकली। क्लेमेनटाउन पुलिस ने हर्रावाला चौकी को सूचना दी और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

कमरे में मृत पड़ी थी आरती, बेसुध मिला परमेंद्र

पुलिस ने होमस्टे की तलाशी ली तो एक कमरे के भीतर का दृश्य चौंकाने वाला था। आरती मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि परमेंद्र बेसुध मिला। पुलिस ने तत्काल उसे 108 एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत को देखते हुए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि परमेंद्र और आरती के बीच पिछले कुछ समय से संबंध थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले दो दिनों से इसी होमस्टे में ठहरे हुए थे। इस दौरान कमरे के भीतर आखिर क्या हुआ और आरती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, अब यही जांच का सबसे अहम सवाल है।

मृतका के पति का आरोप- जहर देकर की गई हत्या

घटना के बाद आरती के पति पंकज सिंह ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और परमेंद्र के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे और इसकी जानकारी परमेंद्र के परिवार को भी थी।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि इसी विवाद के चलते परमेंद्र ने आरती को जहर देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी जहर खा लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आरती की मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों से स्पष्ट होगा।

कमरे में क्या हुआ? आरोपित के होश में आने का इंतजार

घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम भी होमस्टे पहुंची और कमरे की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करने के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

फिलहाल परमेंद्र की हालत ऐसी नहीं है कि उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा सके। उसके बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि होमस्टे के कमरे में दोनों के बीच क्या हुआ था और आरती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस के सामने अब कई सवाल हैं—क्या आरती को वास्तव में जहर दिया गया था? कमरे में दोनों के बीच कोई विवाद हुआ था? परमेंद्र ने अपनी पत्नी को फोन कर जो बताया, उसके पीछे पूरा घटनाक्रम क्या था? इन सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और परमेंद्र से पूछताछ के बाद सामने आने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आने का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button