crimeUttarakhand

पुरानी रंजिश ने लिया खूनी मोड़, प्रधान पति ने सगे भाई को मारी गोली

हरिद्वार की घटना, वारदात के बाद फरार हो गया आरोपी

Amit Bhatt, Uttarakhand: हरिद्वार जिले के कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश ने गुरुवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ग्राम प्रधान के पति ने अपने ही सगे भाई पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार बाजुहेड़ी गांव निवासी किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था। गुरुवार रात दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर राजेश सैनी पर गोली चला दी।

गोली लगने से करीब 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और एसएसआई राजेश बिष्ट पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button