crimeDehradunForest And WildlifeUttarakhand

वन विभाग के चर्चित एसडीओ राजीव नौटियाल गिरफ्तार, दूसरी शादी का मामला बना कारण

फर्जी तलाक के दस्तावेज दिखाकर दूसरी शादी करने का आरोप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड के देहरादून जिले में चकराता वन प्रभाग के पूर्व उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) राजीव नयन नौटियाल को फर्जी तलाक के दस्तावेजों के आधार पर दूसरी शादी करने, महिला का शारीरिक शोषण करने, दहेज मांगने और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी को जेल तक पहुंचाने वाली उसकी दूसरी पत्नी ही बनी। पुलिस ने विकासनगर स्थित उनके आवास से देर रात गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मैट्रिमोनियल साइट से हुई पहचान, विश्वास जीतने के लिए दिखाए कथित फर्जी दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश निवासी महिला की पहचान वर्ष 2025 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से राजीव नयन नौटियाल से हुई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी ने स्वयं को तलाकशुदा बताया और यह भरोसा दिलाने के लिए कथित तौर पर तलाक से संबंधित फर्जी न्यायालयी दस्तावेज भी दिखाए। दोनों की 2 अक्टूबर 2025 को सगाई हुई और 10 फरवरी 2026 को देहरादून के डालनवाला क्षेत्र स्थित एक मंदिर में विवाह कर लिया।महिला का आरोप है कि सगाई के बाद शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण भी किया।

शादी के बाद सामने आई सच्चाई
पीड़िता के मुताबिक विवाह के बाद राजीव नयन नौटियाल ने उसे नथुवावाला स्थित अपने घर में रखने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही उससे ₹50 लाख दहेज की मांग शुरू कर दी गई। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी दी गई।

इसी दौरान महिला को जानकारी मिली कि आरोपी का अपनी पहली पत्नी से कानूनी रूप से तलाक हुआ ही नहीं था और उसे दिखाए गए दस्तावेज कथित रूप से फर्जी थे।

12 जुलाई को दर्ज कराई शिकायत, कई धाराओं में मुकदमा
महिला ने 12 जुलाई 2026 को कोतवाली विकासनगर में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 64, 115(2), 316(1), 318(4), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया। शिकायत में आरोपी के पिता पर भी वास्तविक जानकारी छिपाने और आरोपी का सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।

प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने 16 जुलाई की रात करीब एक बजे विकासनगर के दिनकर विहार स्थित आवास से राजीव नयन नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पहले भी विवादों में रहे हैं राजीव नयन नौटियाल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की पहली पत्नी पहले ही उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज करा चुकी है, जिसकी चार्जशीट अदालत में दाखिल की जा चुकी है।

इसके अलावा आईटीआई में प्राचार्य के पद पर कार्यरत अपनी पहली पत्नी के कार्यालय में जाकर हंगामा करने के मामले में कालसी कोतवाली में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।

राजीव नयन नौटियाल का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है। यमुना पुल बाड़वाला क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के दौरान हुए विवाद और मारपीट के मामले में उन पर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगा था। हालांकि उस मामले में उन्होंने भी क्रॉस केस दर्ज कराया था।

वन मंत्री के कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने पर उन्हें पहले निलंबित भी किया गया था, जिसके खिलाफ उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। हाल ही में उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त भी किया जा चुका है।

शादी के 17 दिन बाद हुआ था हमला, ईमानदार अफसर की है छवि
राजीव नयन नौटियाल उस समय भी सुर्खियों में आए थे जब विवाह के महज 17 दिन बाद अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कथित खनन माफियाओं ने बीच हाईवे पर उनका कॉलर पकड़कर धक्का दिया, सड़क किनारे गिराया और थप्पड़ों से हमला किया था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य
विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद गिरफ्तारी की गई है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस तकनीकी तथा दस्तावेजी साक्ष्य जुटाकर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button