शिक्षिका पत्नी ने शिक्षक पति के गले पर किया धारदार हथियार से हमला, घरेलू विवाद में खोया आपा
स्कूटी का इंडिगेटर टूटने से शुरू हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप

Amit Bhatt, Uttarakhand: चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में घरेलू विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक शिक्षिका ने अपने शिक्षक पति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार चंपावत जिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पाटन क्षेत्र निवासी दंपति दोनों ही सरकारी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। गुरुवार रात एक मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शिक्षक पति अपनी पत्नी को किसी शैक्षणिक कार्य से विद्यालय छोड़ने गए थे। वापस लौटने पर स्कूटी के इंडिकेटर के क्षतिग्रस्त होने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराने का प्रयास भी किया, लेकिन देर रात विवाद फिर बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान शिक्षिका पत्नी ने धारदार हथियार से पति पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के गले और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि बचाव के प्रयास में उनके हाथ में गहरा घाव हो गया, जबकि गर्दन पर भी चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। लोहाघाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया था। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।



