Religious CeremonyUttarakhand

तमन्ना से बन गई नेहा, इस्लाम छोड़ अपना लिया सनातन का रास्ता

वैदिक रीति से हुआ घरवापसी संस्कार, हरिद्वार में किया इस्लाम धर्म का परित्याग

Amit Bhatt, Dehradun: धर्मनगरी हरिद्वार के चंडीघाट स्थित पावन ब्रह्मकुंड में शनिवार को तमन्ना नाम की एक युवती ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ इस्लाम धर्म का परित्याग कर सनातन धर्म स्वीकार किया। घरवापसी संस्कार के उपरांत उसका नया नाम “नेहा” रखा गया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंगलाचरण, पुष्पवर्षा और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच नव-दीक्षित नेहा का सनातन परंपरा में स्वागत किया गया।

यह वैदिक संस्कार तीर्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष तीर्थाचार्य संत राम विशाल दास महाराज के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुआ। अनुष्ठान पंडित जितेंद्र ज्योति ने विधिवत संपन्न कराया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय संत आश्रम परिषद के संरक्षक बाबा हठयोगी महाराज, दिल्ली आर्य समाज के मुकेश शास्त्री, विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री अर्जुन, पानब देव आश्रम के महंत ओमदास महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा और सनातन धर्मावलंबी मौजूद रहे। घरवापसी कार्यक्रम को सफल बनाने में हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान की सक्रिय भूमिका भी रही।

बाबा हठयोगी महाराज ने कहा कि इतिहास के विभिन्न कालखंडों में भय, अत्याचार तथा सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों के कारण अनेक लोग अपने मूल धर्म से दूर हो गए थे। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी स्वतंत्र इच्छा और आस्था के आधार पर अपने पूर्वजों की परंपरा में लौटना चाहता है, तो उसका सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने इस घरवापसी को सनातन समाज के लिए उत्साह और आत्मविश्वास का विषय बताया।

तीर्थाचार्य संत राम विशाल दास महाराज ने कहा कि सनातन धर्म किसी भी प्रकार के बलपूर्वक मत परिवर्तन का समर्थन नहीं करता। उनके अनुसार यदि कोई व्यक्ति अपनी स्वतंत्र इच्छा, श्रद्धा और वैदिक संस्कृति में विश्वास के आधार पर अपने पूर्वजों की परंपरा में लौटना चाहता है, तो उसका स्वागत करना धार्मिक और मानवीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह घरवापसी केवल एक व्यक्ति का धर्म परिवर्तन नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जुड़ने का प्रेरक संदेश भी है।

महंत ओमदास महाराज ने कहा कि सनातन धर्म विश्व को प्रेम, करुणा, सत्य और अपनत्व का संदेश देता है। उन्होंने स्वेच्छा से सनातन धर्म स्वीकार करने वाली नेहा (पूर्व नाम तमन्ना) को आशीर्वाद देते हुए कहा कि समाज में सद्भाव, संस्कार और धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाना सभी का दायित्व है। साथ ही उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति के धार्मिक निर्णय और आस्था का सम्मान किए जाने पर बल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button