देहरादून में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका के चलते जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

Round The Watch News: जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए देहरादून में 31 अगस्त को सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से रविवार को जारी आदेश में बताया गया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और एनडीएमओ के सचेत पोर्टल की ओर से जारी अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे में जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।
मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 31 अगस्त 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि जिले के समस्त शासकीय, गैर शासकीय एवं निजी स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र उक्त तिथि को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।



