
Rajkumar Dhiman, Dehradun: 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में चर्चा में आए ऋषिकेश के गंगा इन होटल पर शनिवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सीलिंग की कार्रवाई की। होटल निकट रेलवे स्टेशन, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे स्थित है। प्राधिकरण ने कार्रवाई को अनधिकृत निर्माण से संबंधित बताया है। पुलिस बल की मौजूदगी में एमडीडीए की टीम ने होटल को सील किया। यह पूरी कार्रवाई एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया के निर्देश पर अभियंताओं ने की।
एमडीडीए के ऋषिकेश शाखा कार्यालय से पुलिस क्षेत्राधिकारी, ऋषिकेश को भेजे पत्र संख्या 0451/वाद संख्या सी-0563/2024, दिनांक 05 सितंबर 2026 में भवन को लेकर पूर्व में की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति का उल्लेख किया गया है। पत्र के अनुसार, संबंधित भवन के अनधिकृत निर्माणकर्ता/भवन स्वामी विनोद अग्रवाल हैं। प्राधिकरण ने बताया कि इस निर्माण को लेकर पूर्व में भी सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित की गई थी।
आवासीय नक्शे के बावजूद चल रहा था होटल
एमडीडीए के दस्तावेज में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। क्षेत्रीय अभियंता की 02 सितंबर 2026 की आख्या का हवाला देते हुए पत्र में कहा गया है कि संबंधित भवन का मानचित्र सैटआउट/ड्राइंग नंबर 0323/2024-25 के तहत मानचित्रित किया गया है और उसमें Residential (आवासीय) उपयोग का उल्लेख है। इसके बावजूद वर्तमान में विपक्षी की ओर से भवन में ‘गंगा इन’ के नाम से होटल का संचालन किया। प्राधिकरण ने इसी आधार पर अनधिकृत/स्वीकृति से भिन्न निर्माण को दोबारा सील किए जाने की संस्तुति की थी। शनिवार को इसी कार्रवाई को पुलिस बल की मौजूदगी में अंजाम दिया गया।
इनकी मौजूदगी में हुई कार्रवाई
शनिवार को की गई सीलिंग कार्रवाई के दौरान एमडीडीए की ओर से सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी और अवर अभियंता जयदीप राणा मौजूद रहे। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। प्राधिकरण के संयुक्त सचिव/पीठासीन अधिकारी ने भी प्रकरण में अहम भूमिका निभाई।
इस पूरे प्रकरण में अब दो स्तरों पर कार्रवाई सामने आ रही है—एक ओर नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस की आपराधिक जांच और होटल प्रबंधन की भूमिका की जांच, वहीं दूसरी ओर भवन के अनधिकृत निर्माण और स्वीकृत आवासीय उपयोग से अलग होटल संचालन को लेकर एमडीडीए की कार्रवाई।
दुष्कर्म के मामले के बाद होटल सुर्खियों में आया था
गंगा इन होटल में ही 29 अगस्त को 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप सामने आया था। पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान किशोरी को बहला-फुसलाकर होटल ले गया था। आरोप है कि होटल में उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया गया। तबीयत बिगड़ने पर किशोरी को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोफियान को गिरफ्तार करने के बाद होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को भी गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में होटल में नाबालिग को बिना उचित पहचान एवं सत्यापन ठहराने, आवश्यक रजिस्टर में प्रविष्टि नहीं करने और घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस अथवा संबंधित सहायता एजेंसी को सूचना नहीं देने के आरोप सामने आए। पुलिस ने यह भी कहा कि किशोरी को होटल से बाहर ले जाते समय CCTV कैमरे बंद किए गए थे।



