crimeUttarakhand

12वीं का छात्र और 11वीं की छात्रा साथ में रेलिंग पर लटके मिले, हत्या या आत्महत्या से पर्दा उठना बाकी

चमोली के रामणी गांव में छात्र-छात्रा की मौत से सनसनी, मेला मैदान में मिले दोनों के शव

Round The Watch News: चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप मेला मैदान के मंच पर एक छात्र और छात्रा के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। दोनों के शव एक साथ मिलने की सूचना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार, सुबह गांव के लोग जब अपने रोजमर्रा के काम के लिए उठे तो उन्हें मेला मैदान के मंच पर युवक और युवती के शव मिलने की जानकारी मिली। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

एक ही गांव के थे दोनों, स्कूल में पढ़ रहे थे
मृतकों की पहचान सुनील और रिया के रूप में हुई है। बताया गया है कि सुनील कक्षा 12 में पढ़ता था, जबकि मृतका कक्षा 11 की छात्रा थी। दोनों रामणी गांव के ही रहने वाले थे। एक साथ दोनों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया।

घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं
घटना के बाद गांव में दोनों की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, अभी मौत के वास्तविक कारण और घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस को दी गई सूचना, जांच के बाद खुलेगा मौत का राज
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि घटना की जानकारी नंदानगर पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

एक ही गांव के दो स्कूली छात्रों की इस तरह हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। अब पुलिस जांच से ही यह सामने आएगा कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button