crimeEducationUttarakhand

सोशल मीडिया फ्रेंड पौड़ी की नाबालिग को ले गया नोएडा, 25 साल का युवक गिरफ्तार

स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी किशोरी, फिर नहीं लौटी

Round The Watch News: सोशल मीडिया पर बनी पहचान कब नाबालिग बालिका के लिए मुसीबत बन गई, इसका अंदाजा परिजनों को तब हुआ जब वह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली और देर शाम तक वापस नहीं लौटी। चिंता में डूबे परिजनों ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मामला पुलिस तक पहुंचा तो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों ने जांच की दिशा बदल दी। पुलिस को पता चला कि बालिका की सोशल मीडिया के जरिये एक युवक से पहचान हुई थी। जांच आगे बढ़ी तो उसकी लोकेशन नोएडा में मिली। पौड़ी पुलिस ने वहां दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया और उसे बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के आरोप में 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया।

विद्यालय जाने निकली थी, फिर नहीं लौटी
पुलिस के अनुसार पौड़ी तहसील क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने दो सितंबर को राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में तहरीर दी। बताया कि उनकी नाबालिग बेटी एक सितंबर की सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर स्वजन परेशान हो गए। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन बालिका का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

राजस्व से नियमित पुलिस को मिली जांच
मामला राजस्व क्षेत्र से संबंधित होने के कारण उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इसकी विवेचना नियमित पुलिस को स्थानांतरित की गई। नाबालिग की बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी और सर्विलांस ने खोली कड़ी
कोतवाली पौड़ी पुलिस और सीआइयू की टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि नाबालिग की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक युवक से पहचान हुई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और पतारसी-सुरागरसी को जांच का आधार बनाया।

जांच के दौरान पुलिस टीम को जानकारी मिली कि नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोपित नोएडा में है। इसके बाद टीम नोएडा पहुंची और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।

सीतापुर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुशील यादव (25), निवासी देहलारा, थाना मिस्रिक, जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद करने के साथ आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

यह रही पुलिस टीम
नाबालिग की तलाश और बरामदगी की कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक हेमलता, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप बिष्ट, आरक्षी राकेश और महिला कांस्टेबल खुशी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button