crimeDehradun

दून में महिला जज से छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास! रैपिडो चालक हिरासत में

तय किराये से दोगुनी रकम मांगने और विरोध पर सुनसान रास्ते पर ले जाकर धमकाने की शिकायत

Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी देहरादून में एक महिला जज ने रैपिडो चालक पर छेड़छाड़, अपहरण के प्रयास और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला जज की शिकायत के अनुसार, चालक ने तय किराये से दोगुनी रकम मांगी और विरोध करने पर उन्हें सुनसान रास्ते पर ले जाकर धमकाया। मामले में डालनवाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

रास्ता बदलकर सुनसान जगह ले जाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, घटना 21 अक्टूबर की शाम की है। महिला जज ने जजेज कॉलोनी, बलबीर रोड से मालदेवता के पास सौड़ा सरोली जाने के लिए रैपिडो कार बुक की थी। आरोप है कि यात्रा के दौरान चालक ने निर्धारित रास्ते से अलग मार्ग अपनाया और उन्हें सुनसान स्थान पर पहुंचा दिया। महिला जज का आरोप है कि करीब नौ किलोमीटर की यात्रा के नाम पर चालक ने तय किराये से दोगुनी रकम की मांग की। इसका विरोध करने पर चालक ने उनके साथ अभद्रता की और धमकी दी। शिकायत में चालक पर छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास करने का आरोप भी लगाया गया है।

जजेज कॉलोनी के गेट पर भी हंगामा करने की शिकायत

महिला जज के अनुसार, चालक बाद में जजेज कॉलोनी के गेट पर पहुंचा और वहां हंगामा किया। आरोप है कि उसने सुरक्षा गार्ड को भी धमकाया। घटना के बाद महिला जज ने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

शिकायत मिलने के बाद डालनवाला पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित रैपिडो चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। राजधानी में महिला जज से जुड़े इस मामले ने सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button