crimeDehradun

15 साल का अर्श अंसारी दीपावली मनाने गया था, दोस्तों पर हत्या का आरोप

कार की पिछली सीट खून से सनी मिली, पिता की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस

Aryan Walia, Dehradun: राजधानी देहरादून में दिवाली की रात दोस्तों के साथ पार्टी करने गए 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि मामूली विवाद के बाद कुछ किशोरों ने उनके बेटे पर हमला किया और बेरहमी से पिटाई की। घटना के बाद कार की पिछली सीट खून से सनी मिली। वहीं, गंभीर हालत में अर्श को अस्पताल पहुंचाने वाले उसके दोस्त कथित तौर पर उसे वहां छोड़कर चले गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अर्श अंसारी (15) के रूप में हुई है। वह दिवाली मनाने के लिए नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में रहने वाले अपने दोस्त के घर गया था। परिजनों के मुताबिक, दिवाली के दिन दोपहर से ही वह दोस्तों के साथ था। रात में सभी ने मिलकर खाना खाया और पटाखे जलाए। रात करीब 12 बजे अर्श की अपने पिता नदीम अंसारी से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय तक सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। इसके बाद पिता सो गए।

तड़के तीन बजे सूरी चौक के पास हुआ विवाद
बताई जा रही घटनाक्रम के अनुसार, रात करीब तीन बजे अर्श अपने दोस्त फहीम और अन्य साथियों के साथ कार से नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के सूरी चौक के पास पहुंचा। वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद एक बार फिर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान अर्श जब कार का दरवाजा खोल रहा था तो दरवाजा दूसरे पक्ष के एक युवक के पैर से टकरा गया। इस बात पर युवक ने अर्श को धक्का दे दिया। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

अर्श को घसीटकर पीटने का आरोप
मृतक के पिता ने श्रेयस, मंकू और उनके साथ मौजूद अन्य युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, आरोपितों की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष है। आरोप है कि इन युवकों ने मिलकर अर्श को बुरी तरह पीटा, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य दोस्तों को छोड़ दिया। अर्श को घसीटकर काफी दूर तक ले जाने और वहां भी मारपीट करने का आरोप है। पिटाई के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन कथित तौर पर उसे वहां छोड़कर साथ आए युवक चले गए। इलाज के दौरान अर्श की मौत हो गई।

सुबह 06 बजे पिता को मिली घटना की जानकारी
अर्श के पिता नदीम अंसारी को सुबह करीब छह बजे बेटे की हालत और घटना की जानकारी मिली। घटनाक्रम के बाद कार की पिछली सीट पर खून मिलने की बात भी सामने आई है। पिता ने दोस्तों पर ही बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें न्याय चाहिए। उन्होंने मांग की कि मारपीट में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूरी चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना के समय अर्श के साथ मौजूद दोस्तों और दूसरे पक्ष के युवकों की पहचान कर उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में नाबालिग और बालिग युवकों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पिता के आरोपों और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button