
Rajumar Dhiman, Dehradun: अंकिता भंडारी हत्याकांड में सार्वजनिक की गई कथित वाट्सएप चैट ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। चैट में एक ‘आंटी’ का जिक्र सामने आया है। इसमें कहा गया है कि ‘आंटी तो अभ्यस्त थी, जबकि वह छोटी बच्ची थी।’ इस उल्लेख के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर यह आंटी कौन थी? उसका वनंतरा रिजॉर्ट से क्या संबंध था और अंकिता के साथ उसके संबंधों की प्रकृति क्या थी? क्या रिजॉर्ट में उसकी कोई भूमिका थी? इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं।
खास बात यह है कि 15 नवंबर को हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता और जम्मू निवासी उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई बताई जा रही हजारों पन्नों की चैट सार्वजनिक करने वाले विनोद आर्य ने इस ‘आंटी’ के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने चैट के आधार पर अंकिता के माता-पिता और उसके मित्र के व्यवहार पर सवाल उठाए, लेकिन उसमें दर्ज आंटी के उल्लेख और उसकी संभावित भूमिका पर कुछ नहीं कहा। ऐसे में इस महिला की पहचान और वनंतरा रिजॉर्ट से उसके संबंधों की पड़ताल जरूरी हो गई है।
क्या किसी अवैध गतिविधि की व्यवस्थापक थी ‘आंटी’?
चैट में आंटी को लेकर किए गए उल्लेख से यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या वह वनंतरा रिजॉर्ट में किसी गतिविधि का संचालन या प्रबंधन करती थी? क्या अंकिता और रिजॉर्ट के अन्य प्रबंधकों के बीच उसकी कोई भूमिका थी? क्या अंकिता को किसी ऐसी गतिविधि के लिए दबाव का सामना करना पड़ा था, जिसका विरोध करने पर उसके साथ विवाद बढ़ा? इन आशंकाओं की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि चैट में जिस महिला को आंटी कहा गया है, वह कौन है और उसका अंकिता से वास्तविक संबंध क्या था।
यदि इस महिला की भूमिका सामने आती है तो हत्याकांड से जुड़े कुछ अनुत्तरित सवालों की पड़ताल में मदद मिल सकती है। इस कड़ी में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या अंकिता की हत्या के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) ने चैट में उल्लिखित महिला की पहचान की थी और उससे पूछताछ की थी? क्या जांच के दौरान वनंतरा रिजॉर्ट में काम करने वाले कर्मचारियों और प्रबंधन से जुड़े लोगों के बयानों में इस महिला का कोई जिक्र आया था? फिलहाल इन सवालों के जवाब सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हैं।
सीबीआइ जांच में भी ‘आंटी’ की भूमिका स्पष्ट नहीं
अंकिता हत्याकांड में कथित वीआइपी की भूमिका की जांच सीबीआइ कर रही है। अभिनेत्री और पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर के वायरल ऑडियो-वीडियो के बाद राज्य सरकार की सिफारिश पर फरवरी 2026 में सीबीआइ ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मौजूदा सीबीआइ जांच में चैट में उल्लिखित आंटी की पहचान और उसकी भूमिका को भी जांच के दायरे में रखा गया है या नहीं। इस महिला के बारे में विनोद आर्य से पूछताछ और चैट की मूल सामग्री की जांच से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
अंकिता के माता-पिता ने राजपुर थाने का किया घेराव, विनोद आर्य और वकील के खिलाफ तहरीर
चैट सार्वजनिक किए जाने से आहत अंकिता के माता-पिता रविवार देर शाम समाजसेवी योगिता भयाना के साथ देहरादून के राजपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ लिखित शिकायत दी। आरोप लगाया कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक कर उसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। इससे दिवंगत बेटी का चरित्र हनन करने और उसकी छवि खराब करने का प्रयास हुआ।
थाने के बाहर जारी वीडियो में अंकिता की मां सोनी देवी ने कहा कि जो बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, उसकी निजी चैट सार्वजनिक कर उसे बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा रेपिस्ट और वीआइपी को बचाने के लिए किया जा रहा है और माता-पिता को ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। सोनी देवी ने कहा कि लड़ाई अदालत में लड़ी जानी चाहिए थी, न कि प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बेटी के चरित्र पर सवाल उठाए जाने चाहिए थे। योगिता भयाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल अधिवक्ता अनुज पुंडीर का बार लाइसेंस रद्द करने की मांग भी उठाई।
चार हजार से अधिक पन्नों की चैट सार्वजनिक कर उठाए थे सवाल
15 नवंबर को विनोद आर्य ने अपने बेटे और अंकिता हत्याकांड के दोषी पुलकित आर्य का मुकदमा लड़ रहे अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ हरिद्वार प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने अंकिता और जम्मू निवासी उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई बताई जा रही व्हाट्सऐप चैट के चार हजार से अधिक पन्नों का हवाला दिया। विनोद आर्य ने दावा किया था कि अंकिता अपने माता-पिता और मित्र के व्यवहार से परेशान थी। उन्होंने उसकी मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताया था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद 16 नवंबर को पहाड़ी महासभा ने हरिद्वार नगर कोतवाली में शिकायत दी। इसके बाद अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने एसपी सिटी के माध्यम से डीजीपी को ज्ञापन भेजकर बीएनएस की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज करने और आर्य परिवार की संपत्ति जब्त करने की मांग की।
पिता ने की विनोद आर्य के नार्को टेस्ट और सीडीआर जांच की मांग
17 नवंबर को अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने और घटना वाली रात की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि घटना के समय से ही वह विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग करते आ रहे हैं। गौरतलब है कि अंकिता हत्याकांड में अपर सत्र न्यायाधीश रीना नेगी की अदालत तीन दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुना चुकी है। हाईकोर्ट भी उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुका है।
उर्मिला सनावर ने शंकराचार्य से की मुलाकात, कई लोगों के नार्को टेस्ट की मांग
इस बीच कथित ऑडियो वायरल करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने हरिद्वार में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की। उर्मिला ने कहा कि उन्होंने सीबीआइ को नार्को टेस्ट के लिए सहमति दे दी है और वह पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने पुलकित आर्य और सुरेश राठौर के साथ दर्शन भारती, आरती गौड़ और रेणु बिष्ट का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की।
उर्मिला ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी लोगों ने उन्हें तोड़ने के लिए रविवार को अदालत खुलवाकर जेल भिजवाया। उन्होंने दावा किया कि बुखार होने पर दवा देने के नाम पर उनका खून निकाला गया और इंजेक्शन लगाया गया, जिससे उनके हाथ-पैर कांपने लगे। उन्होंने नार्को टेस्ट से पहले अपनी हत्या की आशंका जताते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। इसके अलावा आंवला फैक्ट्री के नाम पर करोड़ों रुपये लेकर वनंतरा रिजॉर्ट बनाए जाने का आरोप भी लगाया।
मुलाकात के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि सरकार अंकिता और उसके माता-पिता को न्याय दिलाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि मामले में जिस व्यक्ति का नाम सामने आ रहा था, उसे बड़े संवैधानिक पद पर पदोन्नत किए जाने से प्रदेश की जनता आहत है।
वीआइपी की गुत्थी के बीच अब ‘आंटी’ की पहचान भी अहम सवाल
अंकिता हत्याकांड में तीन दोषियों को सजा मिलने के बावजूद कथित वीआइपी की भूमिका को लेकर सवाल बने हुए हैं। उर्मिला सनावर के ऑडियो-वीडियो के आधार पर सीबीआइ की जांच जारी है। 13 नवंबर को सीबीआइ कोर्ट ने उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट का आदेश भी दिया था। दूसरी ओर, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पहले बेटे ने हत्या की और अब पिता दिवंगत बेटी का चरित्र हनन कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि अपराधी जेल में हैं और कानून अपना काम कर रहा है।
अब सार्वजनिक की गई चैट में ‘आंटी’ का उल्लेख एक नई जांच की जरूरत की ओर ध्यान खींच रहा है। इस महिला की पहचान, वनंतरा रिजॉर्ट से उसके संबंध और अंकिता के साथ उसकी भूमिका स्पष्ट होना जरूरी है। इसका जवाब पुलकित आर्य, उसके पिता विनोद आर्य, रिजॉर्ट के तत्कालीन कर्मचारियों और प्रबंधन से पूछताछ तथा चैट की मूल सामग्री की जांच से मिल सकता है। आखिर यह आंटी कौन थी? क्या एसआइटी ने उसकी पड़ताल की थी? क्या सीबीआइ इस कड़ी की जांच कर रही है? इन सवालों के जवाब सामने आना जरूरी है।



