Uttarakhandआपदा प्रबंधन

वीडियो: केदारनाथ क्षेत्र में बोलेरो पर गिरा बोल्डर, 02 की मौत और 06 घायल

दुखद: केदारनाथ दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं के साथ हादसा, सोनप्रयाग के पास गिरा बोल्डर और मलबा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: सोमवार सुबह केदारनाथ धाम दर्शन को जा रहे तीर्थ यात्रियों के साथ दुखद हादसा हो गया। सोनप्रयाग से मनकुटिया के बीच यात्रियों की बोलेरो कार के ऊपर पहाड़ी से बोल्डर और मलबा आ गिरा। इस हादसे में 02 यात्रियों की मौत हो गई और 03 की हालत गंभीर है। कुल 06 लोग घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सोनप्रयाग लाया गया है। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को हायर सेंटर रेफर किया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र के श्रद्धालु बोलेरो कार (UK11TA1100) से केदारनाथ धाम जा रहे थे। उसी दौरान सोनप्रयाग के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। जिसमें बड़े बोल्डर (पत्थर) भी थे। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के लिए सोमवार के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी या परहेज की जरूरत है।

हादसे का शिकार हुए व्यक्ति
1. रीता पत्नी उदय सिंह, उम्र – 30 वर्ष, पता – बड़कोट उत्तरकाशी
2. चंद्र सिंह पुत्र कलम सिंह, उम्र – 68 वर्ष , पता – बड़कोट उत्तरकाशी

घायल व्यक्तियो का विवरण
1. मोहित चौहान पुत्र श्री उपेंद्र चौहान चौहान
2. नवीन सिह रावत पुत्र जयेंद्र सिंह रावत, उम्र – 35 वर्ष, पता – बड़कोट उत्तरकाशी। (गंभीर घायल)
3. प्रतिभा पुत्री गिरवीर सिंह, उम्र -25 वर्ष , पता – बड़कोट उत्तरकाशी। (गंभीर घायल)
4. ममता पुत्री चेन सिंह, उम्र – 35 वर्ष, पता – बड़कोट उत्तरकाशी । (बड़कोट घायल)
5. राजेश्वरी पत्नी नवीन , उम्र -35 वर्ष , पता – उत्तरकाशी।
6. पंकज पुत्र हुकम सिंह, उम्र – 24 वर्ष , पता – कोकमल्ला नन्दानगर, चमोली। (वाहन चालक)

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार तमाम क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है और जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। नदी-नाले भी उफान में चल रहे हैं। खटीमा में बीते 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश से धौरा नाला उफान पर आ गया। जिसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने 43 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। हालांकि, 19 परिवार बाढ़ में घिर गए। जिन्हें रेस्क्यू किया गया।

उधर, चौखुटिया जा रही एक बस रामनगर के पास ढ़िकुली के पास एक टैंपो को बचाने के चक्कर में पलट गई। हादसे में 05 यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मुख्य्मंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम विज्ञान विभाग के अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के साथ ही सभी जिलों को अति सक्रिय मोड में रहने को कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button