उत्तराखंड में 01 लाख से अधिक पेंशनरों की पेंशन अटकी, 04 तारीख तक भी हाथ खाली
सिंचाई और लोनिवि के हजारों वर्कचार्ज कर्मियों पर निर्णय के चलते अटका मामला

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड में एक लाख से अधिक रिटायर्ड कार्मिक फरवरी माह की 04 तारीख तक भी पेंशन के इंतजार में बैठे हैं। 01 तारीख तक खाते में आ जाने वाली पेंशन की राशि अब तक सिर्फ इसलिए अटकी रही कि सिंचाई और लोनिवि के हजारों वर्कचार्ज कर्मियों को खोज खोज कर पेंशन से बाहर किया जा रहा था।
दरअसल, उत्तराखंड शासन ने 16 जनवरी 2026 के आदेश में तय किया कि 01 अक्टूबर 2005 से पूर्व ऐसे कार्मिक जिनका विनियमितिकरण नहीं किया गया था, उन्हें पेंशन जारी नहीं की जाएगी। ऐसे हजारों कार्मिकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिल रहा था।
इस आदेश के बाद विभागों ने अपात्र पाए गए वर्कचार्ज कर्मियों को खोजकर बाहर करना शुरू कर दिया। जिस कारण बाकी एक लाख से अधिक रिटायर्ड कर्मियों की पेंशन भी अटक गई।
बताया जा रहा है कि कोषागार निदेशालय ने मंगलवार देर रात तक काम किया और पेंशन जारी की जा चुकी है। हालांकि, दोपहर तक सिर्फ सतपुली ट्रेज़री से ही पेंशन ज़ारी हो पाई थी। बड़ी संख्या में पेंशनर दोपहर बाद तक भी पेंशन की राशि के इंतजार में थे। यह इंतजार शाम होते होते खत्म होने लगा और तब जाकर पेंशनरों ने राहत की सांस ली।



