Dehradun

देहरादून में बिना जीएसटी पंजीकरण चल रहे कार सर्विस सेंटर पर बड़ी कार्रवाई, 70 लाख रुपये की वसूली

दो साल से चल रही थी कर चोरी, एसआईबी ने मारा छापा, कब्जे में लिए रिकॉर्ड

Rajkumar Dhiman, Dehradun: राज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए देहरादून में एक कार सर्विस सेंटर पर सख्त कार्रवाई की है। बिना जीएसटी पंजीकरण के संचालित हो रहे इस सेंटर पर छापेमारी के दौरान गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद मौके पर ही 70 लाख रुपये की राशि जमा कराई गई।

आयुक्त राज्य कर सोनिका के निर्देश पर अपर आयुक्त डी.एस. नबियाल और संयुक्त आयुक्त अजय सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। एसआईबी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच) की टीम ने झाझरा क्षेत्र में स्थित एक कार सर्विस सेंटर की जांच की, जहां यह पाया गया कि सेंटर का वार्षिक टर्नओवर 20 लाख रुपये से अधिक है, इसके बावजूद जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया गया था और न ही कर का भुगतान किया जा रहा था।

जांच के दौरान सेंटर संचालक ने अपनी गलती स्वीकार की और विभाग के समक्ष 70 लाख रुपये जमा कराए। टीम ने आय-व्यय से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं, जिनकी विस्तृत जांच के बाद वास्तविक कर चोरी का आकलन कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में राज्य कर अधिकारी असद अहमद, अनुराग पाठक आदि शामिल रहे।

कई अन्य सर्विस सेंटर भी जांच के दायरे में
राज्य कर आयुक्त सोनिका ने बताया कि प्रदेशभर में ऐसे कई सर्विस सेंटर हैं, जिनका सालाना कारोबार 20 लाख रुपये से अधिक है, लेकिन वे अब तक जीएसटी पंजीकरण से बाहर हैं। विभाग ने ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर लिया है और आने वाले समय में इनके खिलाफ भी सघन छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। राज्य कर विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button