कोटद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में सौतेला पिता गिरफ्तार, नाबालिग डरी-सहमी हालत में मिली
रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाले इस मामले ने समाज को झकझोरा

Round The Watch News: कोटद्वार में पुत्री के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक सौतेला पिता गिरफ्तार किया गया है। मामला तब सामने आया जब छह फरवरी को कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी घर से लापता है और वापस नहीं लौटी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीर माना और खोजबीन शुरू की। जांच में पता चला कि बालिका 5 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे अपनी नानी के घर पहुंची थी। पूछताछ में नानी ने बताया कि बच्ची बेहद डरी हुई स्थिति में थी और अपने माता-पिता के साथ रहने से इनकार कर रही थी, क्योंकि वे उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। नानी ने घबराई बालिका को अपने एक परिचित के घर सिगड्डी क्षेत्र में ठहरा दिया था।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सिगड्डी से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। थाने लाकर जब उससे पूछताछ की गई तो उसने दिल दहला देने वाला खुलासा किया कि 5 फरवरी की रात उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसी घटना से भयभीत होकर वह अगली सुबह करीब 7 बजे घर से भागकर नानी के घर चली गई थी। बालिका के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ धारा 65(1), 75(2) BNS और धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि आरोपी पिता कौड़िया निवासी नजीबाबाद रोड, कोटद्वार (मूल निवासी जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है।



