उम्र 23 और काम चरस तस्करी का, उत्तराखंड की युवा पौध को ये क्या हो रहा
हल्द्वानी क्षेत्र का युवक आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर कर रहा था नशे का कारोबार, एएनटीएफ ने की कार्रवाई

Round The Watch News: हल्द्वानी शहर में आयुर्वेदिक सामग्री की ओट लेकर नशे का काला कारोबार किए जाने का मामला उजागर हुआ है। टीपी नगर चौकी पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने मंडी बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक युवक को 846 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक चरस को आयुर्वेदिक सामान की तरह पैक कर ले जा रहा था, ताकि पुलिस की निगाह से बच सके।
रविवार देर रात टीपी नगर चौकी प्रभारी एसआई मनोज कुमार अपनी टीम के साथ संदिग्धों की तलाशी अभियान में जुटे थे। इसी बीच एएनटीएफ कर्मियों ने सूचना दी कि मंडी बाईपास क्षेत्र में नशा तस्करों की गतिविधियां बढ़ी हैं। संयुक्त टीम ने मौके पर घेरा-संदी किया।
कुछ ही देर में एक युवक बैग और हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लिए आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसकी चाल बदल गई और उसने तेजी से कदम बढ़ाए। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
जांच में बैग से सामान्य कपड़े और आयुर्वेदिक सामग्री मिली, जबकि कट्टे में छिपाए गए कपड़े के थैले से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। युवक की पहचान रविंद्र सिंह (23), निवासी दानीबंगर, गौलापार के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पैसों के लालच में नशा सप्लाई का काम कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह चरस कहां से ला रहा था और किसे सप्लाई करने वाला था।



