विज्ञान के ज्ञान को मॉडलों से नन्हें बच्चों ने धरातल पर उतारा, साकार हुई नवाचार की परिकल्पना
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने विज्ञान शिक्षिका के मार्गदर्शन में दिखाया वैज्ञानिक दृष्टिकोण का दम

Round The Watch News: विज्ञान सिर्फ एक विषय नहीं, बल्कि जीवन का सार है। जो हमें हमारे होने का मतलब समझाता होता है। किसी बात को स्वीकारने या नकारने के पीछे का तर्क देता है। इस प्रकृति के हर एक रहस्य का हमें सटीक जवाब देता है। सीधे शब्दों में कहें तो किसी भी देश के विकास में विज्ञान का ज्ञान ही निर्णायक भूमिका निभाता है। कुछ इसी उद्देश्य से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन केंद्र और राज्य सरकार के तत्वावधान में सभी शिक्षण संस्थानों में किया जाता है। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, सीआरसी तिमली, (नरेंद्र नगर, टिहरी गढ़वाल) ने भी इस आयोजन में अपनी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी में विज्ञान शिक्षिका मधु बाला के मार्गदर्शन में बखूबी अपनी वैज्ञानिक जिजीविषा और नवाचारी सोच का प्रदर्शन किया। विशेषकर छात्रा समायरा ने 05 मॉडल प्रस्तुत किए।
बच्चों ने सौरमंडल, जल चक्र, ज्वालामुखी, पाचन तंत्र, श्वसन तंत्र, तंत्रिका तंत्र सहित कई तरह के 3D और चार्ट मॉडल तैयार किए और उनकी कार्यप्रणाली भी प्रभावी तरीके से समझाई। जीआईसी तपोवन के वरिष्ठ विज्ञान शिक्षक विनोद द्विवेदी ने बच्चों के विज्ञान के मॉडल का अवलोकन किया। वह बच्चों की मेहनत और विज्ञान शिक्षिका के मार्गदर्शन से खासा प्रभावित हुए।
विज्ञान शिक्षक द्विवेदी रिटायरमेंट के करीब हैं, लेकिन बच्चों के मॉडल को देख वह भी उनके साथ अपनी पुरानी यादों में खो गए। कई अनुभव साझा किए और उनमें भी बच्चों के साथ ऊर्जा का नया संचार नजर आया। इस अवसर पर सीआरसी वंदना, पूर्व सीआरसी पूर्णानंद बहुगुणा, प्रधान अध्यापिका ममता बिष्ट और अर्चना बिजल्वाण ने भी बच्चों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें विज्ञान के प्रति जिज्ञासा व नवाचार की प्रेरणा दी।
वहीं, सभी ने विज्ञान शिक्षिका मधु बाला की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों में बेहतर तरीके से विज्ञान के प्रति रुचि जगाते हुए आगे बढ़ने को प्रेरित किया है। क्योंकि सभी मॉडल बेहतर तरीके से न सिर्फ बनाए गए, बल्कि उनका उन्नत प्रदर्शन भी किया गया।
विज्ञान प्रदर्शनी में प्रधान अध्यापिका ममता बिष्ट, अर्चना बिजल्वाण, यूपीएस शिवपुरी से किरण उनियाल, सुनीता शाह समेत विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष दीपिका भंडारी व विभिन्न अभिभावक आदि शामिल रहे।
यह प्रदर्शनी बच्चों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच और प्रायोगिक सीख का सुंदर उदाहरण रही। बच्चों की मेहनत, उत्साह और नवाचार को भी सभी ने सलाम किया और उम्मीद जताई कि वह विज्ञान के क्षेत्र में देश के कर्णधार बनेंगे।
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय तपोवन में शुरुआत से ही बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित किया जा सके, इसी के अनुरूप तपोवन के प्राथमिक विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी एक उत्सव की भांति आयोजित की गई। जो यह भी बताता है कि छात्रों में बचपन से ही नवाचारी गुण विकसित करने को केंद्र और राज्य सरकार की मंशा को फलीभूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है।




