वीडियो: नगर निगम में ही रख दिए कूड़े से भरे बैग, अफसरों को सड़ांध का अनुभव कराने को कांग्रेस ने दिखाए तेवर
कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड की सड़ांध से मुंह फेरे बैठे अधिकारियों पर फूटा महिला कांग्रेस का गुस्सा, नगर निगम का घेराव

Divij Bahuguna, Dehradun: कारगी कूड़ा डंपिंग यार्ड से उठने वाली दुर्गंध के प्रति निगाहें फेरे बैठे नगर निगम देहरादून के अधिकारियों पर महिला कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। साथ ही अधिकारियों को सड़ांध की स्थिति से रूबरू कराने के लिए डंपिंग यार्ड से भरे गए कूड़े के बैग निगम परिसर में जमा कर दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा, अब जनस्वास्थ्य से समझौता नहीं होगा।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कारगी डंपिंग यार्ड से लाया गया प्रतीकात्मक कूड़ा नगर निगम परिसर में रखकर प्रशासन को आईना दिखाया। संदेश साफ था कि जिस गंदगी, दुर्गंध और बीमारी में स्थानीय लोग रोज़ जीने को मजबूर हैं, उसकी जवाबदेही से नगर निगम भाग नहीं सकता।
तीन घंटे तक ज्ञापन सौंपने की प्रतीक्षा के बावजूद, मेयर सौरभ थपलियाल कार्यालय में मौजूद होने के बाद भी बाहर नहीं आए। इस रवैये ने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बाद में नगर आयुक्त नमामि बंसल ने ज्ञापन स्वीकार किया और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन स्थगित हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “क्यों कई दिनों तक कूड़ा जमा कर पहाड़ की तरह चढ़ाया जाता है और जनता को बीमारियों के हवाले छोड़ दिया जाता है?” उन्होंने कहा कि घनी आबादी के बीच स्थित यह डंपिंग यार्ड महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के जीवन के लिए सीधा खतरा बन चुका है।
यह न सिर्फ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 का उल्लंघन है, बल्कि नागरिकों के स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन के संवैधानिक अधिकार पर भी खुला हमला है। महिला कांग्रेस ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डंपिंग यार्ड का स्थानांतरण और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
इस प्रदर्शन में उर्मिला थापा, निधि नेगी, नजमा खान, इंदु थापा, अरविंद शर्मा, अभिनव थापर, बबलू पंवार, नरेश सकलानी, हेमंत उप्रेती, गौरव रावत, नंदू, प्रशांत नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



