दून में दिनदहाड़े गोली मारकर गैस एजेंसी संचालक की हत्या, तिब्बती मार्केट के बाहर सनसनी
परेड मैदान में बैडमिंटन खेलकर लौटते वक्त वाहन सवारों ने मारी गोली

Amit Bhatt, Dehradun: राजधानी दून में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मंगलवार को दिनदहाड़े तिब्बती मार्केट के बाहर जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक अर्जुन शर्मा (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और शहर में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर ने अर्जुन शर्मा को नजदीक से गोली मारी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
40 से 42 करोड़ के प्रॉपर्टी विवाद का आरोप
मृतक के साथ कई वर्षों से काम कर रहे विजय ने आरोप लगाया कि अर्जुन शर्मा का विजय उनियाल के साथ प्रॉपर्टी को लेकर करीब 40 से 42 करोड़ रुपये का लेनदेन विवाद चल रहा था। विजय का दावा है कि अर्जुन को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं। इस संबंध में वसंत विहार थाने और एसएसपी को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यह भी आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा की मां से दो फ्लैट लिए थे। अर्जुन का घर वसंत विहार क्षेत्र में आईटीबीपी के पास है। परिवार में पत्नी के अलावा साढ़े चार साल का बेटा और साढ़े तीन साल की बेटी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बढ़ती वारदातों से दहशत
राजधानी में लगातार बढ़ रही हत्या और फायरिंग की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। नामजद आरोपों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।
फिलहाल शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।




