countryUttarakhand

डबल मर्डर: पढ़ाई के साथ नौकरी का संघर्ष, पत्थर से कुचल दिए गए लक्ष्मी के सपने

लक्ष्मी के साथ मौत के घाट उतारे गए शुभम नशे की लत से घिरे फिर बने काउंसलर, दोनों के बीच कनेक्शन साफ नहीं

Amit Bhatt, Uttarakhand: मंडी चौकी क्षेत्र स्थित गल्ला मंडी में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर के बाद शहर में सन्नाटा और सवाल दोनों गूंज रहे हैं। 31 वर्षीय शुभम टम्टा और 19 वर्षीय लक्ष्मी की पत्थरों से कुचलकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे कुमाऊं को झकझोर दिया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। हालांकि, दोनों की अलग-अलग पृष्ठभूमि के बाद भी एक साथ हत्या के कनेक्शन अभी उलझे हुए हैं।

पढ़ाई और संघर्ष: लक्ष्मी की दोहरी जिम्मेदारी
मृतका लक्ष्मी नैनीताल जिले की रहने वाली थी और हल्द्वानी में रहकर MBPG College में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिवार के अनुसार वह पढ़ाई में तेज थी और अपने खर्चों को संभालने के लिए मेडिकल स्टोर में नौकरी भी करती थी। उसके बड़े भाई ने बताया कि परिवार बड़ा है और लक्ष्मी सातवें नंबर पर थी। पिता ग्राम सभा मल्ली पोखरी में पुरोहित हैं। लेकिन, उसके संघर्ष और सपनों की कहानी को निर्मम तरीके से कुचल दिया गया।

नशे से जूझकर काउंसलर बना शुभम
दूसरी ओर, शुभम टम्टा अल्मोड़ा का निवासी था। उसके परिजनों ने बताया कि वह छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था और कुछ वर्ष पहले नशे की लत का शिकार हो गया था। उसे हल्द्वानी के कटघरिया स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां करीब पांच साल तक उपचार चला। बाद में वह वहीं कर्मचारी बना और फिर दूसरे केंद्र में काउंसलर के रूप में काम करने लगा। शुभम के पिता डाक विभाग में वरिष्ठ पद पर रहे थे, जबकि मां पूर्व ग्राम प्रधान थीं—दोनों का निधन हो चुका है।

कनेक्शन बना पहेली
सबसे बड़ा सवाल यही है—दोनों एक-दूसरे को कैसे जानते थे? गल्ला मंडी में देर रात उनकी मौजूदगी का कारण क्या था? पुलिस अभी तक दोनों के बीच संबंधों को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं ला सकी है।

पुलिस को लीड, दो संदिग्ध हिरासत में
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है। घटनास्थल के आसपास से शराब की बोतलें, सिगरेट के पैकेट और स्नैक्स के रैपर बरामद हुए हैं। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है।

शहर में आक्रोश, परिवार की न्याय की मांग
इस जघन्य वारदात ने हल्द्वानी में दहशत का माहौल बना दिया है। परिजन हत्या के पीछे की सच्चाई सामने लाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button