नैनीताल और उत्तरकाशी जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर सील
मची अफरा तफरी, खाली कराए परिसर, डॉग व बॉम्ब दस्ता पहुंचा

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड के न्यायालय परिसरों में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय नैनीताल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी के बाद कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराकर सील कर दिया गया। डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर सघन जांच में जुट गया।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 9:45 बजे जिला जज की आधिकारिक मेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति का संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट के जज के चेंबर में आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया। संदेश में यह भी लिखा गया कि विस्फोट जल्द होगा और कोर्ट को दोपहर 12:15 बजे तक खाली कर दिया जाए। साथ ही तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू होने से रोकने का उल्लेख भी किया गया।
ईमेल सामने आते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसपी जगदीश चंद्र और सीओ रविकांत सेमवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जज चेंबर और अन्य कक्ष खाली कराए गए तथा मुख्य प्रवेश द्वारों को बंद कर सघन चेकिंग शुरू की गई। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि एहतियातन पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
उत्तरकाशी कोर्ट में भी अलर्ट
इसी तरह की धमकी के बाद जिला न्यायालय उत्तरकाशी को भी खाली कराया गया। जिला जज गुरुबख्श सिंह सहित सभी अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। न्यायालय परिसर के आसपास पुलिस ने घेरा डाल दिया, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर देहरादून से बम स्क्वॉड की टीम उत्तरकाशी पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार बम निरोधक दस्ते की जांच पूरी होने के बाद ही न्यायालय परिसर को पुनः खोला जाएगा।
फिलहाल दोनों स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान व स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर जांच भी शुरू कर दी गई है।



