Dehradun

वीडियो: देहरादून में बड़ा हादसा: मोहब्बेवाला चौक पर कार के ऊपर पलटा ट्रक, टक्कर के बाद भड़की भीषण आग

दोनों वाहनों में लगी आग, गनीमत कि समय रहते ट्रक और कार के सवार निकल आए बाहर

Round The Watch News: राजधानी के व्यस्ततम चौराहों में शुमार मोहब्बेवाला चौक पर मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित ट्रक अचानक कार के ऊपर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा इलाका धुएं के गुबार से भर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रक संतुलन खो बैठा और सामने चल रही कार को रौंदते हुए उस पर पलट गया। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों और घरों से लोग बाहर निकल आए। आग की लपटें देखते ही लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

टाइल्स से भरा था ट्रक
बताया जा रहा है कि ट्रक टाइल्स से लदा हुआ था। पलटते ही ट्रक का डीजल टैंक फट गया, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।

हालांकि, गनीमत रही कि आग भड़कने से पहले ही कार सवार और ट्रक चालक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन देहरादून की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर यातायात को डायवर्ट किया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन संपन्न घोषित किया गया। इसके बाद सड़क से जले हुए वाहनों और मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया।

यातायात हुआ प्रभावित
हादसे के चलते मोहब्बेवाला चौक पर लंबा जाम लग गया। कार्यालय और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस अब यातायात व्यवस्था को सामान्य करने में जुटी है।
जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक की रफ्तार तय सीमा से अधिक तो नहीं थी।

हो सकता था बड़ा हादसा
अगर कार सवार और ट्रक चालक समय रहते बाहर न निकलते तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर में बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button