वीडियो: ज्योतिर्मठ नगर पालिका भवन में नमाज़ का वीडियो वायरल, प्रशासन सतर्क-जांच व सत्यापन की तैयारी
नमाज के लिए दिनों दिन बढ़ रही भीड़ के बाद कोतवाली प्रभारी के साथ भी नागरिकों की मंत्रणा

Round The Watch News: ज्योतिर्मठ नगर पालिका परिसर के हाल में नमाज़ अदा किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल बढ़ गई है। वीडियो सामने आने के बाद कुछ संगठनों ने आपत्ति जताते हुए प्रशासन से मामले की जांच तथा सार्वजनिक भवनों के उपयोग संबंधी स्पष्ट नियम निर्धारित करने की मांग की है।
वीडियो को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने कोतवाली प्रभारी देवेन्द्र रावत तथा स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्थिति की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।
इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में निर्माण कार्य फिलहाल बंद है, फिर भी बाहरी मुस्लिम समुदाय के लोगों की आवाजाही हाल में बढ़ी प्रतीत होती है। उन्होंने प्रशासन से सत्यापन प्रक्रिया तेज करने और स्थिति को स्पष्ट करने की मांग की।
साथ ही कई नागरिकों का यह मत है कि सार्वजनिक भवनों का उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जा सकता है, इसके लिए स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह का भ्रम या विवाद न हो। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मामले की जांच तथ्यों के आधार पर की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई पूरी पारदर्शिता के साथ होगी।



