
Rajkumar Dhiman, Dehradun: वीकेंड पर देर रात सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर उत्पात मचा रहे 10 छात्रों को गिरफ्तार कर कानून का पाठ पढ़ाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के सख्त निर्देशों के बाद जिलेभर में सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रेमनगर पुलिस को देर रात बिधोली, पौंधा क्षेत्र में हॉस्टलों के बाहर छात्रों द्वारा खुलेआम हुड़दंग, शोर-शराबा और अव्यवस्था फैलाने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से स्थानीय यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले 10 छात्रों को हिरासत में लिया। सभी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि इन छात्रों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की आधिकारिक रिपोर्ट संबंधित कॉलेज/यूनिवर्सिटी प्रशासन को भी भेज दी गई है, ताकि अनुशासनात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित हो सके।
पुलिस का साफ संदेश
दून पुलिस का यह एक्शन सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि स्पष्ट चेतावनी है कि पढ़ाई के नाम पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और शांति भंग करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



