
Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के रायपुर क्षेत्र अंतर्गत ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, उत्तराखंड में शुक्रवार (21 फरवरी 2026) को सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और तोड़फोड़ की गंभीर घटना सामने आई है। इस मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले आरोपितों को रविवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
घटना के समय रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ एक प्रकरण के संबंध में अपने समर्थकों के साथ निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनकी निदेशक प्रारंभिक शिक्षा उत्तराखंड अजय कुमार नौडियाल से बातचीत चल रही थी। इसी दौरान विवाद उत्पन्न हो गया, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ लोगों ने कार्यालय परिसर में अराजकता फैलाते हुए कुर्सियों और अन्य सरकारी सामान को इधर-उधर फेंक दिया तथा तोड़फोड़ की। इस घटना में कार्यालय में मौजूद कई कर्मचारियों को चोटें भी आईं।
एफआईआर का विवरण
निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल द्वारा थाना रायपुर में दी गई तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मु.अ.सं.- 80/26 के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें शामिल हैं:
धारा 121(1) – लोक सेवक के कार्यों में बाधा डालकर चोट पहुँचाना
धारा 191(2) – बलवा
धारा 324(3) – सरकारी संपत्ति को नुकसान
धारा 351(3) – जान से मारने की धमकी
धारा 352 – गाली-गलौच व अपमान (बीएनएस)
इसके अतिरिक्त, विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला की तहरीर पर मु.अ.सं.- 81/26 भी दर्ज किया गया है, जिसमें धाराएं शामिल हैं:
धारा 115(2) – चोट पहुंचाना
धारा 127(2) – सरकारी कार्य में बाधा
धारा 131 – हमला
धारा 352 – गाली-गलौच (बीएनएस)
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने मौके से प्राप्त वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची
अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली पुत्र स्व. मगन सिंह पुंडीर
निवासी: नूनरखेड़ा, थाना रायपुर, देहरादून (हिस्ट्रीशीटर)
लक्ष्मण नवानी पुत्र स्व. भुवनेश्वर प्रसाद
निवासी: शिवलोक कॉलोनी, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून
राकेश थपलियाल पुत्र स्व. आर.पी. थपलियाल
निवासी: तपोवन रोड, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून
अक्षय राणा पुत्र संग्राम सिंह राणा
निवासी: सौंधोवाली, थाना रायपुर, देहरादून
प्रशासनिक संदेश, अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में अव्यवस्था, हिंसा और तोड़फोड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



