crimeDehradun

सीएम धामी के सचिव की यह आईडी कर सकती है ठगी, मुकदमा दर्ज

साइबर ठगों ने सचिव सीएम और गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे की बनाई फर्जी फेसबुक आईडी

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून में एक गंभीर साइबर अपराध का मामला सामने आया है, जहां गढ़वाल मंडल के आयुक्त एवं उत्तराखंड शासन में सचिव पद पर तैनात विनय शंकर पांडेय के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर फर्जी प्रोफाइल बना दी गई। इस मामले में कोतवाली डालनवाला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा
“विनय शंकर पांडेय, आयुक्त गढ़वाल मंडल/सचिव, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड शासन” के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई थी, जो आम जनता को भ्रमित करने और दुरुपयोग के उद्देश्य से संचालित की जा रही थी।

मामले की जानकारी मिलते ही आयुक्त के निजी सचिव विकास कुमार ने कोतवाली डालनवाला में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि यह फर्जी आईडी 21 फरवरी को बनाई गई थी और यह जनता को गुमराह करने के साथ-साथ प्रशासनिक छवि को नुकसान पहुंचा सकती है।

थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि के नाम से बनी संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे खातों से किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।फर्जी आईडी को रिपोर्ट करें और सावधानी बरतें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button