वीडियो: जेहादियों जहां-जहां मिलोगे वहां तुम्हें काटूंगा, विराट हिंदू सम्मेलन में भड़काऊ बयान पर लाल बाबा पर एफआईआर
जागेश्वर के चित्रगुप्त पीठ के महामंडलेश्वर लाल बाबा की उग्र और आपत्तिजनक टिप्पणी से सकते में सिस्टम

Round The Watch News: अल्मोड़ा क्षेत्र के सिमकनी मैदान में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन उस समय विवादों में घिर गया, जब जागेश्वर के चित्रगुप्त पीठ के महामंडलेश्वर लाल बाबा ने मंच से समुदाय विशेष के खिलाफ उग्र और आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उनका भाषण वाला वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसमें वे एक समुदाय को उत्तराखंड छोड़ने की धमकी देते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। आयोजकों ने स्वयं कोतवाली पहुंचकर लाल बाबा के खिलाफ तहरीर सौंपी और आरोप लगाया कि उन्होंने सम्मेलन की पवित्रता और सामाजिक मर्यादा को चोट पहुंचाई है।
सोमवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर लाल बाबा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषण के दौरान लाल बाबा ने न केवल भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया, बल्कि कहा कि यदि उन्हें रैली निकालनी पड़ी तो वे जहां भी “वह समुदाय” मिलेगा, “काटने” से पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस-प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि चाहे जितनी भी धाराएं लगा दी जाएं, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
उनकी टिप्पणियों से कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और बच्चों में असहजता फैल गई। कार्यक्रम संयोजक मनोज सनवाल ने तहरीर में कहा कि आयोजन समिति ने लाल बाबा को वेद-उपनिषदों के जानकार के रूप में सम्मान देकर मंच दिया था, लेकिन उनके भड़काऊ बयान ने सम्मेलन की गरिमा को धूमिल कर दिया और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका बढ़ा दी।
मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया है। पुलिस ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है, जबकि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।



