DehradunUttarakhandराजनीति

वीडियो: चैंपियन ने कहा, मजा नहीं आया, पार्टी का मतलब…सब खुला खुला हो

चैंपियन और उमेश का रायता गोदियाल और हरक पर गिरा तो समेटने को गोदियाल ने याद दिलाई 2002-2003 की वही पार्टी, जो चैंपियन की जिद पर हुई

Rajkumar Dhiman, Dehradun: पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का हाल में एक विवाह समारोह में डांसर पर नोट उड़ाने का वीडियो वायरल हुआ है। चैंपियन अपने विभिन्न कृत्यों से इंटरनेट पर छाए रहते हैं। एक बार फिर उनका वीडियो सामने आया तो वह न सिर्फ तलमिला उठे, बल्कि अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी खानपुर (हरिद्वार) क्षेत्र के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार पर ठीकरा फोड़ा। उन्होंने एक दफा वीडियो को एआई जनरेटेड बताया और हमेशा की तरह उमेश पर जमकर भड़ास भी निकाली। यहां तक कि उमेश को मिली सुरक्षा और उनकी पत्नी पर भी टिप्पणी की। उमेश और चैंपियन के बीच की जंग नई नहीं है, मगर मामले में नया मोड़ तब आया, जब चैंपियन ने उमेश और खुद के बीच के रायते को कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत और उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर उड़ेल दिया। जिसमें विशेषकर कहा गया कि गणेश गोदियाल वर्ष 2002 में मुंबई की वह पार्टी याद करें, जब वह खुद बार डांसर के बीच थे। हरक सिंह ने अपने ऊपर उछाले गए बार डांस और जेनी प्रकरण में अभी कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन गणेश गोदियाल ने बार डांसर वाली टिप्पणी पर उलटे चैंपियन को घेर लिया। खबर में वह सभी वीडियो दिए जा रहे हैं, जो हालिया समय में राजनीतिक जुबानी जंग का हिस्सा बने हैं।

गणेश गोदियाल ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि वह तो एक भव्य होटल में बेहतर पार्टी दे रहे थे। उस पार्टी में चैंपियन ही वह पहले नेता थे, जिन्होंने कहा था कि ये भी कोई पार्टी है। वह राजा हैं, पार्टी ऐसी हो, जहां सब खुला खुला हो। नाच-गाना हो। वीडियो में गणेश गोदियाल याद दिलाते हैं कि वर्ष 2002-03 के दरम्यान, तमाम भाजपा और कांग्रेस के नेता/विधायक अपनी-अपनी पार्टी की तरफ से महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए गए थे। जिस फ्लाइट से वह मुंबई पहुंचे, उसमें कांग्रेस के साथ ही भाजपा के नेता/विधायक भी थे।

एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय, सभी अपने-अपने होटल की तरफ रुख कर रहे थे, जबकि वह खुद अपने घर जा रहे थे। तभी भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि चूंकि आप यहां से वाकिफ हैं तो एक पार्टी आपकी तरफ से बनती है। तब गोदियाल ने पार्टी को लेकर हामी भरते हुए विदा ली। फिर तीन-चार दिन बाद कुछ साथी नेताओं का कॉल आता है और वह पार्टी की याद दिलाते हैं। गोदियाल तैयार हो जाते हैं और एक भव्य होटल में पार्टी का आयोजन करते हैं।

लेकिन, पार्टी शुरू होने से पहले ही चैंपियन बोल उठते हैं कि यह भी कोई पार्टी होती है। वह राजा हैं और पार्टी ऐसी हो कि सब खुला-खुला हो। अन्य साथी नेताओं ने भी इस पर सहमति जताई। गणेश गोदियाल के अनुसार, तब उन्होंने अपने किसी परिचित को बुलाया और बेहतर पार्टी स्थलों की जानकारी मांगी। जिसके बाद सभी एक बेहतर क्लब में पहुंचे। वहां नाच-गाने का पूरा इंतजाम था। वीडियो में गणेश गोदियाल आगे कहते हैं कि उस पार्टी में आज उनके सबसे कट्टर प्रतिद्वंद्वी और वर्तमान में उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी थे।

गणेश गोदियाल ने कहा कि डांस फ्लोर पर कई लोग नाच रहे थे और उसमें कोई बुराई भी नहीं थी। लेकिन, जिस पार्टी को लेकर कुंवर प्रणव उन पर कीचड़ उछालने की कोशिश कर रहे हैं, उसके सूत्रधार वह खुद थे। गोदियाल कहते हैं कि उनके साथ कुछ विधायक ऐसे भी थे, जो उनके साथ खाने की जगह पर बैठे रहे, जबकि कुछ ने डांस भी किया। सबसे बड़ी बात कि महेंद्र भट्ट उस पार्टी के साक्षी रहे हैं और वह बता सकते हैं। अंत में गोदियाल कहते हैं कि “नादान की दोस्ती जी का जंजाल।” जाहिर है इस बात के पीछे वह किन्हें सचेत रहने का संकेत दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button