रुद्रप्रयाग में नाबालिग छात्रा बनी मां, बच्ची का 11वें दिन नामकरण, पुलिस ने दर्ज किया रेप का मुकदमा
9वीं कक्षा में पढ़ती है छात्रा, पीड़िता ने नहीं बताया दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति का नाम, घटना ने समाज और सिस्टम को सकते में डाला

Shrimohan Naithani, Rudraprayag: रुद्रप्रयाग जिले से सामने आई यह घटना पूरे क्षेत्र में हलचल मचा रही है। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला सीधे तौर पर यौन शोषण का पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार अनजान, अस्पताल में हुआ खुलासा
परिजनों को छात्रा की गर्भावस्था की कोई भनक तक नहीं थी। बताया गया कि लड़की पथरी की समस्या के इलाज के लिए परिवार के साथ जिला अस्पताल पहुंची थी। जांच के दौरान डॉक्टरों को गर्भावस्था का पता चला, जिससे सभी स्तब्ध रह गए। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल रेफर किया गया।
श्रीनगर में जन्मी स्वस्थ बच्ची, तुरंत सक्रिय हुआ प्रशासन
श्रीनगर बेस अस्पताल में जांच के बाद गर्भावस्था की पुष्टि हुई और छात्रा ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल मामले की सूचना बाल कल्याण समिति को दी। समिति के निर्देश पर नवजात को रुद्रप्रयाग की स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया।
11वें दिन हुआ नामकरण संस्कार
घटना के 11वें दिन प्रोबेशन अधिकारी, स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी, बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन के संयुक्त प्रयास से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार बच्ची का नामकरण संस्कार संपन्न कराया गया। एजेंसी प्रबंधन के अनुसार बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है। दो माह बाद भारत सरकार के CARA पोर्टल के माध्यम से दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आरोपी अज्ञात, जांच तेज
पीड़िता ने फिलहाल आरोपी का नाम उजागर नहीं किया है। वन स्टॉप सेंटर की ओर से पुष्टि की गई है कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज है और प्रशासन इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच कर रहा है। यह मामला न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक ताने-बाने पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पूरे जिले की नजर अब पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।



