crimeEducationUttarakhand

बोर्ड परीक्षा में भी घुस गया परीक्षा माफिया, परीक्षा में 02 फर्जी परीक्षार्थी पकड़ी गई

उत्तराखंड शिक्षा परिषद ने गहन जांच की बात कही, परीक्षा प्रणाली पर खड़े हुए गंभीर सवाल

Rajkumar Dhiman, Dehradun: शिक्षा परिषद रामनगर से सामने आई इस खबर ने उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईस्कूल परीक्षा में वास्तविक परीक्षार्थियों की जगह डमी परीक्षार्थियों के बैठने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले 08 फर्जी परीक्षार्थियों के पकड़े जाने के बाद अब एक बार फिर हरिद्वार जिले में 02 डमी बालिकाएं परीक्षा देते हुए पकड़ी गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल गृह विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। हरिद्वार जनपद के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोहलपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई। इसी दौरान कक्ष निरीक्षकों द्वारा नियमित सत्यापन प्रक्रिया के तहत परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्रों की जांच की जा रही थी।

प्रवेश पत्र जांच में खुला फर्जीवाड़ा
जांच के दौरान दो बालिकाओं की पहचान को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। जब दस्तावेजों का मिलान किया गया तो स्पष्ट हुआ कि दोनों बालिकाएं वास्तविक परीक्षार्थी नहीं हैं, बल्कि डमी परीक्षार्थी के रूप में परीक्षा दे रही थीं। दोनों की उत्तर पुस्तिकाएं तत्काल सील कर दी गईं और पूरे प्रकरण की सूचना उत्तराखंड बोर्ड कार्यालय को भेजी गई।
जांच में सामने आया कि जिन छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे वर्णिका लालयान इंटर कॉलेज हद्दीपुर की पंजीकृत छात्राएं हैं।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं आठ डमी परीक्षार्थी
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 24 फरवरी को हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान हरिद्वार जिले के राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर परीक्षा केंद्र पर आठ डमी परीक्षार्थी पकड़े गए थे। इनमें चार बालक और चार बालिकाएं शामिल थीं। इस घटना के बाद भी परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल उठे थे, लेकिन अब दूसरी बार इस तरह का मामला सामने आने से संगठित फर्जीवाड़े की आशंका गहराती जा रही है।

कोचिंग नेटवर्क की संलिप्तता की आशंका
लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे किसी कोचिंग संस्थान या संगठित नेटवर्क की भूमिका हो सकती है, जो कमजोर छात्रों की जगह प्रशिक्षित डमी परीक्षार्थियों को बैठाकर परीक्षा पास कराने का रैकेट चला रहा है।

बोर्ड स्तर पर जांच के निर्देश
उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने दो डमी परीक्षार्थियों के पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी से मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल
लगातार सामने आ रहे मामलों ने परीक्षा प्रणाली की निगरानी व्यवस्था, केंद्रों की सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डमी परीक्षार्थियों की पुनरावृत्ति यह संकेत देती है कि मामला केवल व्यक्तिगत धोखाधड़ी नहीं, बल्कि संगठित परीक्षा माफिया की ओर इशारा कर रहा है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जांच प्रक्रिया जारी है और आगे और बड़े खुलासों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button