Dehradun

मालदेवता में दर्दनाक हादसा: बोर्ड परीक्षाओं के बीच होनहार छात्र शिवांशु को डंपर ने कुचला

शाम को पैदल घर जा रहे छात्र को सड़क पार करने के दौरान दंपत ने रौंदा, ग्रामीणों ने लगाया जाम

Rajkumar Dhiman, Dehradun: मालदेवता क्षेत्र के सेरकी गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय होनहार छात्र शिवांशु की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।परिवार के सपनों के साथ एक उज्ज्वल भविष्य भी सड़क पर बिखर गया।

घर से कुछ कदम दूर थम गई जिंदगी

जानकारी के अनुसार, शेरकी गांव निवासी शिवांशु रविवार रात करीब 8:45 बजे अपने घर के पास पैदल जा रहा था। इन दिनों उसकी 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं चल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे निकल गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे को कुछ ही दिनों में परीक्षा केंद्र तक छोड़ने की बातें हो रही थीं, उसकी अर्थी उठानी पड़ेगी—यह सोचकर पूरा गांव स्तब्ध है।

गुस्से में फूटा जनाक्रोश

हादसे के बाद आक्रोशित स्वजनों और ग्रामीणों ने शिवांशु के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े डंपरों की बेलगाम आवाजाही पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से भारी वाहन तेज रफ्तार में रिहायशी इलाकों से गुजरते हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। उनका कहना है कि देर रात तक डंपरों की आवाजाही से बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की जान खतरे में रहती है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, जिनकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। अब ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं—रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, सख्त निगरानी और अवैध खनन पर निर्णायक कार्रवाई।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर रात जाम खुल सका। सीओ रायपुर रीना राठौर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को सीज कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बड़े सवाल खड़े करता हादसा

यह दर्दनाक घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है—रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर प्रभावी रोक क्यों नहीं है? अवैध खनन से जुड़े वाहनों की मॉनिटरिंग कौन करेगा?

शिवांशु अब लौटकर नहीं आएगा, लेकिन उसकी मौत प्रशासनिक लापरवाही और व्यवस्था की खामियों पर कड़ा सवाल बनकर खड़ी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button