Uttarakhandआपदा प्रबंधनपर्यटन

होली पर गंगा में राफ्टिंग बंद, सुरक्षा कारणों से 4 मार्च को सभी रूटों पर पूरी तरह प्रतिबंध

होली पर ऋषिकेश और उससे सटे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना पर सुरक्षा की दृष्टि से उठाया कदम

Rajkumar Dhiman, Dehradun: होली पर्व के दिन गंगा में राफ्टिंग पूरी तरह बंद रहेगी। पर्यटकों की भीड़ और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 4 मार्च को राफ्टिंग संचालन पर कड़ा प्रतिबंध लगाया है। जिलाधिकारी टिहरी के निर्देश पर एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल ने आदेश जारी कर सभी राफ्टिंग ऑपरेटरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी नाव, फ्लोट या राफ्ट को गंगा में उतारने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन के अनुसार बीते वर्षों की तरह इस बार भी होली पर शिवपुरी, तपोवन, मुनिकीरेती, ब्यासी और कौड़ियाला जैसे राफ्टिंग ज़ोन में भारी संख्या में बाहरी राज्यों से पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। टिहरी पुलिस की रिपोर्ट में बताया गया कि होली के दौरान नशे में धुत पर्यटकों द्वारा जोखिम भरी गतिविधियों में शामिल होने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

एसडीएम घिल्डियाल ने बताया कि गंगा में राफ्टिंग एक एडवेंचर गतिविधि है, जिसमें मौसम, पानी का फ्लो और पर्यटक के व्यवहार सभी महत्वपूर्ण होते हैं। होली पर अनियंत्रित भीड़ और नशे की स्थिति में दुर्घटना की संभावना को देखते हुए चार मार्च को राफ्टिंग संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता पर्यटकों व स्थानीय लोगों की सुरक्षा है।

ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। राफ्टिंग कारोबार से जुड़े लोगों को भी इस फैसले की जानकारी दे दी गई है। प्रशासन का कहना है कि पर्व के बाद राफ्टिंग गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होंगी, लेकिन होली के दिन किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button