देहरादून में प्रेमी-प्रेमिका के बीच खूनी झगड़ा, दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से किए वार
क्लेमेंटाउन के ओगल भट्टा क्षेत्र की घटना, एमसीए के छात्र-छात्रा दून अस्पताल में भर्ती

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में शनिवार को प्रेमी-प्रेमिका के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च को कंट्रोल रूम के माध्यम से Clement Town Police Station को सूचना मिली कि ओगल भट्टा क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच विवाद के दौरान चाकू से हमला हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एंबुलेंस पहले से मौजूद थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों घायल युवक-युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में आने को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए Doon Hospital भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



