crimeUttarakhand

साधु के वेश में छिपा था चमोली का हत्यारोपी खत्री, पौड़ी पुलिस ने लक्ष्मणझूला में दबोचा

वर्ष 2020 में गया था जेल और जमानत पर बाहर आने के बाद साधु बनकर हो गया था ओझल

Srimohan Naithani, Rudraprayag: पौड़ी जनपद में चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के दौरान पौड़ी पुलिस ने एक ऐसे संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है, जो खुद को बाबा बताकर रह रहा था, लेकिन जांच में वह हत्या के मामले का आरोपी निकला।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन क्रैकडाउन” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जिले भर में संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पुलिस टीम लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चला रही थी।

प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी के पर्यवेक्षण और वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बाबा मिला, जो पूछताछ में अपने बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका और उसके हाव-भाव भी संदेह पैदा कर रहे थे।

पुलिस टीम उसे पूछताछ के लिए थाना लेकर आई, जहां सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम जयवीर खत्री, निवासी चमोली बताया। आगे की जांच और सत्यापन में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वह आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ थाना थराली, जनपद चमोली में हत्या का मामला दर्ज है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में दर्ज हत्या के मामले (धारा 302, 201, 120B IPC) में वह जेल भी जा चुका है। कुछ समय जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा होने के पश्चात वह अपने घर से गायब हो गया था और साधु का वेश धारण कर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था।

पुख्ता जानकारी मिलने के बाद थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने तत्काल संबंधित थाना थराली को सूचना देकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत जिले में बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की लगातार निगरानी और सत्यापन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से संभावित अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।

साधु को पकड़ने वाली पुलिस टीम
-वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल
-उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल
-हेड कांस्टेबल मनोहरी

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button