82 हजार लोग लाइव थे, जब 150 की स्पीड से मौत की तरफ भाग रहे थे यूट्यूबर अनुराग डोभाल
जिंदगी में सहारे और प्यार की जरूरत थी, जो नहीं मिली, यह कहते हुए स्टीयरिंग दाईं तरफ घूमा और डिवाइडर से टकरा गई फॉर्च्यूनर

Rajkumar Dhiman, Dehradun: मिलियन फॉलोवर्स वाले देहरादून के फेमस यूट्यूबर अनुराग डोभाल की वर्चुअल दुनिया जितनी चहल-पहल से भरी थी, असल जिंदगी में वह उतने ही अकेले थे। परिवार के तिरस्कार और पत्नी रितिका के छोड़कर चले जाने से अंदर से बुरी तरह टूट गए थे। मेरा नाम जोकर फिल्म की तरह वह दर्द में छटपटा रहे थे और दुनिया इसे हमेशा की तरह एक कलाकार के हावभाव समझकर व्यूज बढाकर वाहवाही दे रही थी। शनिवार रात को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 150 स्पीड में कार दौड़ाते हुए इंस्टाग्राम पर जब अनुराग (UK07 Rider) लाइव आए तो उस दौरान 82000 लोग उन्हें देख रहे थे।
लाइव स्ट्रीम के दौरान अनुराग डोभाल भावुक नजर आए। उनकी आंखों में आंसू थे और वह अपनी मां से प्यार न मिलने की बात कहते हुए दिखाई दिए। वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें जिंदगी में सहारे और प्यार की जरूरत थी, लेकिन वह नहीं मिला।
इसके बाद उन्होंने कैमरा कार के स्पीडोमीटर की तरफ घुमाया, जिसमें कार की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटे से अधिक दिखाई दे रही थी। कुछ ही सेकंड बाद उन्होंने अचानक कार को मोड़ते हुए हाईवे के डिवाइडर से टकरा दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना गाजियाबाद के मसूरी इलाके में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुई।
लोग लगातार कमेंट और इमोजी भेजकर उन्हें संभलने और ऐसा कदम न उठाने की अपील कर रहे थे। वीडियो में अनुराग यह कहते हुए भी सुनाई देते हैं, “चलो आखिरी ड्राइव पर चलते हैं…” और कुछ ही देर बाद कार तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकरा जाती है।
मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनुराग डोभाल को मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवार पर लगाए थे उत्पीड़न के आरोप
इस घटना से कुछ दिन पहले ही अनुराग डोभाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि दूसरी जाति की लड़की से शादी करने के कारण परिवार उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। उन्होंने बताया था कि परिवार ने उन्हें घर में रहने नहीं दिया और रिश्तेदारों के सामने माफी मांगने तक के लिए मजबूर किया।
अनुराग का कहना था कि इस पूरे विवाद के कारण वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहे हैं। अनुराग डोभाल के अनुसार, लगातार तनाव और पारिवारिक विवाद के कारण उनकी निजी जिंदगी भी बुरी तरह प्रभावित हुई और उनकी पत्नी रितिका भी उनसे अलग हो गईं। क्योंकि, रितिक राजपूत हैं, जबकि अनुराग ब्राह्मण। इंटरकास्ट मैरिज के कारण यूट्यूबर के घरवाले खिलाफ थे और यहीं से परिवार में बिखराव शुरू हो गया था।



