countryEducationUttarakhand

UPSC रैंक 708 पर सस्पेंस: उत्तराखंड और केरल की एक नाम की दो फातिमा का दावा, झूठा कौन?

यूपीएससी की आधिकारिक मार्कशीट का इंतजार, रुड़की में निकल चुका सफलता का जुलूस, विधायक ने भी दी बधाई

Divij Bahuguna, Dehradun: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होते ही एक अनोखा मामला सामने आ गया है। मेरिट लिस्ट में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 708 को लेकर देश के दो अलग-अलग राज्यों की दो युवतियां खुद को चयनित बता रही हैं। दोनों का नाम फैरुज फातिमा बताया जा रहा है, जिससे सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक भ्रम की स्थिति बन गई है।

UPSC की जारी सूची के अनुसार AIR 708 पर रोल नंबर 240217 के साथ फैरुज फातिमा एम का नाम दर्ज है। लेकिन, इस रैंक पर चयन को लेकर उत्तराखंड और केरल से दो अलग-अलग छात्राओं ने दावा ठोक दिया है।

उत्तराखंड की फातिमा का दावा
उत्तराखंड के रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली फैरुज फातिमा का कहना है कि मेरिट लिस्ट में दर्ज नाम उनका ही है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में आरबीआई में कार्यरत हैं और उनके पिता ट्रक चालक हैं। परिणाम सामने आते ही कलियर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर बधाई देने लगे। हालांकि फातिमा का कहना है कि अभी अंतिम स्थिति साफ नहीं है। उनके अनुसार यूपीएससी लगभग 15–20 दिनों में मार्कशीट जारी करेगा, जिसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

केरल से भी सामने आया दावा
इसी बीच केरल की रहने वाली एक अन्य युवती फैरुज फातिमा एम ने भी दावा किया है कि AIR 708 उन्हीं की है। जिस कोचिंग संस्थान से उन्होंने तैयारी की, उसने भी उन्हें बधाई देते हुए पोस्टर और सोशल मीडिया पोस्ट जारी कर दिए हैं।

दो राज्यों में खुशी के साथ भ्रम
एक ही रैंक पर दो छात्राओं के दावे के कारण दोनों राज्यों में खुशी के साथ-साथ असमंजस का माहौल है। दोनों परिवारों और समर्थकों ने अपनी-अपनी फातिमा को बधाई देना शुरू कर दिया है, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल सभी की नजरें UPSC की आधिकारिक मार्कशीट पर टिकी हैं। मार्कशीट जारी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि AIR 708 की असली हकदार कौन है।
यह पूरा मामला अब यूपीएससी परिणामों के बीच एक दिलचस्प और रहस्यमय चर्चा बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button