85 वर्षीय बिस्नुली देवी को बेटियों ने दी मुखाग्नि, समाज को दिया समानता का संदेश
मार्मिक पल के दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और बेटियों के साहसिक कदम की सराहना

Divij Bahuguna, Uttarakhand: बागेश्वर के कफलीगैर क्षेत्र के लोब गांव में एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब 85 वर्षीय बिस्नुली देवी के निधन के बाद उनकी बेटियों ने ही उन्हें मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। इस मार्मिक पल के दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और बेटियों के इस साहसिक कदम की सभी ने सराहना की। जानकारी के अनुसार लोब गांव निवासी बिस्नुली देवी (85) का सोमवार को निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में परिवारजनों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
परंपरागत मान्यताओं से आगे बढ़ते हुए बेटियों ने अपनी मां को मुखाग्नि दी और समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण पेश किया। इस दौरान गोविंदी लोबियाल पत्नी रमेश चंद्र, लीला देवी पत्नी शिव लाल सहित अन्य परिजनों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। गोविंदी लोबियाल वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाडूंगा क्षेत्र में महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष भी हैं।
अंतिम संस्कार में राजेंद्र प्रसाद, मनोज कुमार टम्टा, विवेक लोबियाल, सूरज कुमार, चंद्रशेखर और संजय कुमार सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।



