वीडियो: हरिद्वार-देहरादून हाइवे पर टकराए 05 वाहन, लगी भीषण आग, 02 की मौत और 09 घायल
रविवार देर रात मोतीचूर फ्लाईओवर के पास होटल गॉडविन के सामने की घटना, एक के बाद एक कर टकराते चले गए वाहन

Round The Watch News: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना रायवाला क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास एक रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के बाद देखते ही देखते 05 वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे के दौरान एक स्कॉर्पियो में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में 02 लोगों की मौत हो गई, जबकि 09 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस (UK04PA1678) की मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो बस से जा टकराई। हादसे की श्रृंखला यहीं नहीं थमी और स्कॉर्पियो के पीछे आ रहा लोडेड ट्रक (HR46E0605) और महिंद्रा XUV 3XO (UK07HC5084) भी आपस में भिड़ गए। कुछ ही क्षणों में पांचों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में धमाका होने की आशंका है, जिसके बाद स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लग गई। देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के कारण फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा। इस दर्दनाक हादसे में बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र के भोगपुर निवासी 30 वर्षीय कुसुम और 40 वर्षीय सचिन की मौत हो गई। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर देहरादून के झंडा मेले से अपने घर लौट रहे थे।
वहीं, हादसे में गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराने का काम शुरू कर दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।



