DehradunMDDA

देहरादून में बड़े अस्पताल को किया गया सील, एमडीडीए के सख्त रुख से मचा हड़कंप

बिना नक्शा पास कराए बना दिया गया था धोरण रोड स्थित ‘हेल्पिंग हेल्थ’ हॉस्पिटल

Report By Rajkumar Dhiman: राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने धौरण रोड पर अवैध रूप से संचालित ‘हेल्पिंग हेल्थ’ अस्पताल को सील कर दिया। यह अस्पताल बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा था।

एमडीडीए के अधिकारियों के अनुसार अस्पताल का निर्माण डॉ. कुश ऐरन द्वारा कराया गया था, लेकिन इसके लिए प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति और अन्य जरूरी अनुमतियां नहीं ली गई थीं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पहले भी संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर निर्माण को वैध करने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, तय समय के भीतर संतोषजनक जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की।

प्रवर्तन टीम ने मौके पर की कार्रवाई
मंगलवार को एमडीडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और प्रवर्तन दल के अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण और उसका संचालन पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार सीलिंग और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाती है।

विकासनगर में भी तेज हुआ निरीक्षण अभियान
उधर, एमडीडीए ने अवैध निर्माणों पर नकेल कसने के लिए पछवादून क्षेत्र में भी अभियान तेज कर दिया है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने विकासनगर क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया।

इस दौरान कई निर्माणाधीन भवनों और परिसरों की मौके पर जांच की गई। अधिकारियों ने निर्माण स्थलों पर जाकर मानचित्र स्वीकृति, अनुमति पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान जिन निर्माणकर्ताओं के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए या जो संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। ऐसे मामलों में प्राधिकरण द्वारा जल्द ही सीलिंग या ध्वस्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति या निर्धारित मानकों का पालन किए बिना किया गया कोई भी निर्माण पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शहर में बढ़ी अवैध निर्माणों पर निगरानी
एमडीडीए की लगातार हो रही कार्रवाइयों से यह साफ संकेत है कि राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माणों पर अब सख्ती और बढ़ेगी। प्राधिकरण की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित संस्थानों और बिना अनुमति निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button