crime

देहरादून में सनसनी: जंगल में कट्टे के अंदर मिला महिला का शव, इलाके में हड़कंप

कई दिन पुराना शव होने के कारण नहीं की जा सकी पहचान

Round The Watch Desk: शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब जंगल में एक कट्टे के अंदर महिला का शव बरामद हुआ। मामला बालासुन्दरी मंदिर के पास स्थित जंगल का है, जहां स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

जानकारी के अनुसार प्रेमनगर क्षेत्र के अपर सुद्धोवाला में बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक कट्टे के भीतर लगभग 30 से 40 वर्ष आयु की महिला का शव मिला। शव काफी दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की प्रेमनगर थाना पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंका गया हो, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है ताकि महिला की शिनाख्त हो सके।

पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला अंतिम बार किसके साथ देखी गई थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द घटना का खुलासा होने की उम्मीद जता रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button